शहर

पंजाब में बड़ा हादसा, मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की दो बसों में भीषण भिड़ंत, 4 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, 30 घायल

Tarn Taran Bus Accident: पंजाब के तरन तारन जिले के नजदीक गांव नौशहरा पन्नुआं के पास मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की दो बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दोनों ही बसों में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा के तहत श्रद्धालु सवार थे। अभी तक करीब 4 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 30 के करीब लोग घायल बताए जा रहे हैं।

Image

पंजाब में सड़क हादसा (फोटो साभार- TNN)

Tarn Taran Bus Accident: पंजाब के तरन तारन जिले से बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। तरन तारन के नजदीक गांव नौशहरा पन्नुआं के पास मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की दो बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में अभी तक करीब 4 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 30 के करीब लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।

बाइक बचाने के चक्कर में टकराईं 2 तीर्थ यात्रा बसें

जानकारी के अनुसार, दोनों ही बसों में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा के तहत श्रद्धालु सवार थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को आनन-फानन में तरन तारन के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

दो बसों में हुई आमने-सामने टक्कर

एक घायल श्रद्धालु ने हादसे की वजह बताते हुए कहा कि अचानक एक मोटरसाइकिल उनकी बस के सामने आ गया था। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने बस को मोड़ा, लेकिन उसी दौरान सामने से आ रही मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की दूसरी बस से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और बसों में सवार श्रद्धालु सीटों से उछलकर गिर पड़े।

बस में सवार थे 37 श्रद्धालु

घायल श्रद्धालु ने बताया कि उनकी बस में करीब 37 लोग सवार थे। सभी श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पर जा रहे थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि आस्था की यात्रा इस तरह दर्दनाक हादसे में बदल जाएगी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लिया

फिलहाल पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या मोटरसाइकिल के अचानक सामने आने के कारण। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों और घायलों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया गया है। अस्पताल में घायलों के परिजनों का तांता लगा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे पंजाब में शोक की लहर दौड़ा दी है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article