US Elections: ईरान और अमेरिका के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद दुश्मनी समाप्त होने का नाम ही नहीं ले रही है। इस बीच, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई ने बुधवार को कहा कि अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के नतीजों से ईरान के प्रति वाशिंगटन की दुश्मनी नहीं बदलेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ने कोई नया हमला किया तो उसे कहीं व्यापक जवाब का सामना करना पड़ेगा।
मोजतबा खामेनेई का बड़ा बयान
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए खामेनेई ने कहा कि जो लोग अब भी यह उम्मीद लगाए बैठे हैं कि अमेरिका में पार्टी बदलने से उसका बर्ताव बदल जाएगा या यह मानना है कि अमेरिका को रियायतें देकर उसकी दुश्मनी खत्म की जा सकती हैं तो वह बहुत बड़ी गलती कर रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: होर्मुज से बिना किसी रोक-टोक के गुजर सकेंगे भारतीय जहाज
उन्होंने आगे कहा कि खाड़ी में, खासकर होर्मुज में हुई घटनाओं ने अमेरिका की अजेय होने की गलतफहमी को तोड़ दिया है। इन घटनाओं ने उन सरकारों की कमजोरी को भी उजागर किया, जो अपनी जनता के बजाय विदेशी ताकतों पर निर्भर रहती हैं।
वाशिंगटन का बदला पॉवर बैलेंस
मध्यावधि चुनाव नतीजों ने वाशिंगटन के पॉवर बैलेंस को काफी रोचक बना दिया। डेमोक्रेट्स ने रातों-रात हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव और सीनेट दोनों पर ही कंट्रोल खो दिया और दोनों सदनों में रिपब्लिकन्स ने बाजी मारते हुए बहुमत का आंकड़ा पार कर दिया।
सनद रहे कि मार्च में ईरान के सुप्रीम लीडर के तौर पर पद संभालने के बाद खामेनेई अभी तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आए हैं, लेकिन उनकी प्रतिक्रियाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। तभी तो उन्होंने चुनाव नतीजों के तत्काल बाद अमेरिका को चेतावनी देते हुए साफ कर दिया कि अगर हमले दोबारा हुए तो इसका दायरा और व्यापक हो जाएगा।
