Gangarampur Husband Killed Wife: पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर जिला स्थित गंगारामपुर शहर के नारायणपुर इलाके में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद वह पत्नी का सिर हाथ में लेकर इलाके में घूमता रहा और फिर एक मंदिर में जाकर दोनों हाथ उठाकर बैठ गया। इस भयानक दृश्य को देखकर स्थानीय लोग दहशत में आ गए। यह घटना गंगारामपुर शहर के वार्ड नंबर 4 के नारायणपुर इलाके की है। सुबह जब लोगों ने आरोपी पति को इस हालत में देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते पूरे इलाके में भारी सनसनी फैल गई।
पत्नी का सिर लेकर घूमता रहा पति
घटना की खबर मिलते ही गंगारामपुर थाने की पुलिस तेजी से मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके से महिला के शव को बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया। आरोपी की पहचान रिंटू घोष के रूप में हुई है, जबकि मृतका का नाम सीमा सरकार घोष बताया गया है। मौके से पुलिस ने एक धारदार हथियार भी बरामद किया है। पुलिस ने इस घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है कि आखिर किस वजह से पति ने ऐसा कारनामा किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- 20 रुपये का नकली सिक्का बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़
वैवाहिक कलह के चलते हत्या का अनुमान
शुरुआती जांच में पुलिस को वैवाहिक कलह के चलते हत्या होने का अनुमान है। जांचकर्ताओं का मानना है कि पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद ने ही इस खौफनाक वारदात को जन्म दिया होगा। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई और वजह तो नहीं है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है। बुधवार सुबह हुई इस वारदात के बाद से नारायणपुर इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को बरामद कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आ सकेगी।
