शहर

Yamuna Expressway और Eastern Peripheral Expressway को जोड़ने वाले इंटरचेंज पर कितना काम बाकी?

Greater Noida News: Yamuna Expressway और Eastern Peripheral Expressway के बीच बन रहे इंटरचेंज पर काम तेजी से किया जा रहा है, लेकिन काम फरवरी 2027 से पहले पूरा होने की उम्मीद नहीं है।

Image

इंटरचेंज का काम फरवरी 2027 से पहले पूरा होने की उम्मीद कम है (फोटो - @DetoxTravellerr)

Greater Noida News: Yamuna Expressway और Eastern Peripheral Expressway को जोड़ने के लिए बनाया जा रहा इंटरचेंज अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है। हालांकि, पिछले कुछ महीनों में निर्माण कार्य में कुछ प्रगति जरूर हुई है। इंटरचेंज के कई हिस्सों में रिजिड पेवमेंट का काम पूरा हो चुका है, जबकि कुछ जगहों पर गर्डर लॉन्चिंग और डेक स्लैब का काम भी आगे बढ़ा है। इसके बावजूद अर्थवर्क, स्ट्रक्चर क्रॉसिंग, सर्विस रोड और टोल प्लाजा से जुड़े कई काम अभी बाकी हैं।

इस इंटरचेंज को तैयार होने में अभी समय लगेगा। मौजूदा स्थिति को देखते हुए इसके दिसंबर 2026 तक तैयार होने की संभावना कम ही नजर आती है। जमीनी स्तर पर देखें तो इंटरचेंज फरवरी 2027 के बाद ही चालू होने की उम्मीद है।

क्लोवर लीफ इंटरचेंज से भी एडवांस होगा डिजाइन

यमुना और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के बीच बन रहे इस इंटरचेंज की खासियत इसका डिजाइन है। इसे क्लोवर लीफ इंटरचेंज के एडवांस वर्जन की तरह विकसित किया जा रहा है। इसमें चारों तरफ की सर्विस रोड को भी एक्सप्रेसवे से जोड़ने की व्यवस्था की जा रही है।

इस इंटरचेंज से आगरा, पलवल, दादरी और यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो किलोमीटर की तरफ आने-जाने वाले वाहनों को अलग-अलग दिशाओं में कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके बन जाने के बाद गाड़ियों को एक एक्सप्रेसवे से दूसरे एक्सप्रेसवे पर जाने के लिए शहरों के भीतर से गुजरने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

कई रैंप पर रिजिड पेवमेंट का काम पूरा

इंटरचेंज के कई रैंप पर रिजिड पेवमेंट का काम पूरा हो चुका है। कुछ हिस्सों में सिर्फ फिनिशिंग का काम बाकी है। इसके अलावा कुछ रैंप पर अर्थवर्क का काम काफी हद तक पूरा हुआ है। हालांकि, कई जगह स्ट्रक्चर क्रॉसिंग और सर्विस रोड के ऊपर निर्माण कार्य अभी अधूरा है। टोल प्लाजा के स्ट्रक्चर लगाने का काम भी जारी है।

मानसून के कारण थमी निर्माण की रफ्तार

पिछले तीन महीनों के दौरान मानसून का सीजन भी रहा। इस दौरान बारिश के कारण अर्थवर्क जैसे जरूरी निर्माण कार्य प्रभावित हुए हैं। इसके बावजूद कुछ हिस्सों में प्रोग्रेस देखने को मिली है। हालांकि, इंटरचेंज के अलग-अलग लूप और रैंप पर अभी काफी काम बाकी है।

कब तक शुरू हो सकता है इंटरचेंज?

निर्माण की मौजूदा स्थिति को देखते हुए इस इंटरचेंज के फरवरी 2027 के बाद ही तैयार होने का अनुमान है। फिलहाल इसकी आधिकारिक शुरुआत की तारीख के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है।

इस इंटरचेंज के चालू होने से यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के बीच कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी। खासतौर पर आगरा, पलवल, दादरी और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले लोगों को फायदा मिल सकता है। साथ ही दिल्ली-NCR में एक्सप्रेसवे के जरिए सफर करने वाले लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।

नोट - यह जानकारी और तस्वीर इंफ्रा ब्लॉगर मोहित कुमार के सोशल मीडिया (X) हैंडल @DetoxTravellerr से ली गई है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article