एजुकेशन

Turkiye में पढ़ाई के लिए विदेशी छात्रों को मिलती है ये स्कॉलरशिप, पढ़ाई के साथ रहने-खाने के लिए सरकार देती है आर्थिक सहायता

Turkiye Government Scholarships for Indian students: तुर्की से हायर एजुकेशन प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले छात्रों की राह में आर्थिक तंगी कारण न बने, इसके लिए तुर्की सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय छात्रों को स्कॉलरशिप प्रदान की जाती है। आइए आपको उसके बारे में विस्तार से बताएं।

Image

Turkiye में पढ़ाई के लिए विदेशी छात्रों को मिलती है ये स्कॉलरशिप (Photo - AI)

Turkiye Government Scholarships for Indian students: विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना देख रहे छात्रों के लिए तुर्की (Turkiye) एक प्रमुख और पसंदीदा डेस्टिनेशन बनकर उभर रहा है। अंतरराष्ट्रीय होनहार छात्रों को अपने देश में हायर एजुकेशन के लिए आकर्षित करने के लिए तुर्की सरकार छात्रों को 'तुर्की बुर्सलारी स्कॉलरशिप' (Turkiye Bursları Scholarship) योजना चलाती है। इस स्कॉलरशिप की सबसे खास बात यह है कि यह पूरी तरह से सरकार द्वारा फंडेड है। इसमें छात्रों को न केवल ट्यूशन फीस का भुगतान करती है बल्कि तुर्की में रहने और खाने का खर्चा भी वहां की सरकार द्वारा वहन किया जाता है। इस योजना का उद्देश्य विश्व भर के मेधावी छात्रों को आकर्षित करना और उन्हें बिना किसी वित्तीय तनाव के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है।

तुर्की बुर्सलारी स्कॉलरशिप से मिलती है ये सुविधाएं?

तुर्की सरकार द्वारा दी जाने वाली यह स्कॉलरशिप केवल पढ़ाई का खर्च ही नहीं उठाती, बल्कि छात्र के पूरे जीवन-यापन की जिम्मेदारी भी लेती है। इसमें छात्रों को विभिन्न लाभ मिलते हैं, जो इस प्रकार है -

Turkiye में पढ़ाई के लिए मिलती है यह स्कॉलरशिप

Turkiye में पढ़ाई के लिए मिलती है यह स्कॉलरशिप (Photo - AI)

100% ट्यूशन फीस माफी: स्कॉलरशिप बैचलर और मास्टर और पीएचडी (PhD) कोर्स के लिए छात्रों को कोई भी विश्वविद्यालय शुल्क नहीं देना होगा।

निःशुल्क आवास: स्कॉलरशिप प्राप्त छात्रों को सरकारी हॉस्टल में रहने की मुफ्त सुविधा दी जाती है।

मंथली स्टाइपेंड: रोजाना के खर्चों के लिए पढ़ाई के स्तर के अनुसार छात्रों को हर महीने एक निश्चित आर्थिक सहायता राशि दी जाती है।

स्वास्थ्य बीमा: पूरी पढ़ाई के दौरान तुर्की में व्यापक स्वास्थ्य सेवा और मेडिकल इंश्योरेंस का लाभ मिलता है।

आने-जाने की एयर टिकट: भारत से तुर्की जाने और कोर्स खत्म होने पर वापस आने का एक बार का हवाई किराया भी सरकार ही वहन करती है।

1 साल का तुर्किश भाषा कोर्स: चाहे आपका कोर्स अंग्रेजी में हो या तुर्किश भाषा में, सभी छात्रों को एक वर्ष का निःशुल्क भाषा प्रशिक्षण दिया जाता है।

स्कॉलरशिप के लिए क्या है एलिजिबिलिटी

इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को कुछ एजुकेशनल और आयु संबंधी मापदंडों को पूरा करना अनिवार्य है -

नागरिकता: आवेदक तुर्की के अलावा किसी भी अन्य देश का नागरिक होना चाहिए।

शैक्षणिक अंक: अंडर ग्रेजुएट के लिए न्यूनतम 70% अंक, पोस्ट ग्रेजुएट व पीएचडी के लिए न्यूनतम 75% अंकों की आवश्यकता है। वहीं अगर छात्र ने मेडिकल, डेंटिस्ट्री और फार्मेसी जैसे विषयों के लिए कम से कम 90% अंकों की आवश्यकता है।

आयु सीमा: बैचलर डिग्री के लिए 21 वर्ष से कम की आयु, मास्टर डिग्री के लिए 30 वर्ष से कम और पीएचडी के लिए 35 वर्ष से कम की आयु होनी चाहिए।

स्कॉलरशिप के लिए आवश्यक दस्तावेज

आवेदन करते समय उम्मीदवार को कई डॉक्यूमेंट की आवश्यकता होती है, जो इस प्रकार है -

  • वैध पासपोर्ट
  • राष्ट्रीय पहचान पत्र
  • वर्तमान पासपोर्ट साइज फोटो
  • शैक्षणिक मार्कशीट और डिग्री/सर्टिफिकेट।
  • लेटर ऑफ इंटेंट
  • सिफारिश पत्र
  • अंतरराष्ट्रीय परीक्षा स्कोर (यदि लागू हो, जैसे GRE, GMAT, TOFEL आदि)

स्कॉलरशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया

स्टेप 1 - सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट turkiyeburslari.gov.tr पर जाएं।

स्टेप 2 - अपनी जानकारी दर्ज करके एक नया अकाउंट बनाएं।

स्टेप 3 - लॉगिन करने के बाद व्यक्तिगत विवरण, शैक्षणिक योग्यता और पसंदीदा यूनिवर्सिटी/कोर्स का चयन करें।

स्टेप 4 - सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और अपना 'लेटर ऑफ इंटेंट' दर्ज करें।

स्टेप 5 - पूरी जानकारी को ध्यान से चेक करने के बाद फॉर्म सबमिट करें।

आमतौर पर इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन विंडो हर साल जनवरी से फरवरी के बीच खुली रहती है। चयनित उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया जाता है और अंतिम चयन के बाद तुर्की में उनकी पढ़ाई का सफर शुरू होता है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article