Bihar Board 12th Result 2024 Date in Hindi: बिहार स्कूल एग्जाम बोर्ड की तरफ से कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जल्द जारी होने वाला है। बिहार बोर्ड 12वीं के तीनों स्ट्रीम- साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स का रिजल्ट एक साथ जारी होगा। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र ऑफिशियल वेबसाइट- biharboardonline.bihar.gov.in या secondary.biharboardonline.com पर अपनी मार्कशीट चेक कर सकेंगे। मार्कशीट चेक करने के लिए रोल नंबर और रोल कोड की जरूरत होगी।
बिहार बोर्ड 12वीं का रिजल्ट जारी करने के साथ-साथ टॉपर्स की लिस्ट भी जारी करेगा। BSEB की तरफ से रिजल्ट और टॉपर्स लिस्ट जारी करने से पहले टॉपर्स का वेरिफिकेशन किया जाता है। बोर्ड की तरफ से टॉपर्स वेरिफिकेशन की प्रक्रिया जारी है। टॉपर्स वेरिफिकेशन के तुरंत बाद रिजल्ट जारी होगा।
Bihar Board 12th Toppers का वेरिफिकेशन जारी
बिहार स्कूल एग्जाम बोर्ड की तरफ से 12वीं कक्षा के लिए टॉपर्स का वेरिफिकेशन किया जा रहा है। बिहार में साल 2017 से टॉपर्स का वेरिफिकेशन हर साल होता है। इस प्रक्रिया में शॉर्टलिस्ट हुए टॉपर्स को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाता है। इस दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा टॉपर्स से सवाल पूछे जाते हैं। टॉपर्स लिस्ट में शामिल होने वाला छात्र सही है या नहीं ये कन्फर्म करने के बाद ही फाइल रिजल्ट जारी होता है।
बिहार बोर्ड 12वीं : प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी होगा रिजल्ट
बिहार बोर्ड की तरफ से हर साल रिजल्ट की घोषणा प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से होती है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार स्कूल एग्जाम बोर्ड (BSEB) के अध्यक्ष आनंद किशोर और राज्य के शिक्षा मंत्री शामिल होते हैं। इस दौरान रिजल्ट का लिंक ऑफिशियल वेबसाइट पर एक्टिव किया जाता है। रिजल्ट की घोषणा होते ही छात्र वेबसाइट पर अपने रोल नंबर की मदद से मार्कशीट चेक कर सकते हैं।
बिहार बोर्ड 12वीं के रिजल्ट का इंतजार 13 लाख से ज्यादा छात्र कर रहे हैं। छात्र ऑफिशियल वेबसाइट के अलावा बिहार बोर्ड के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल- @officialbseb पर नजर रखें। बिहार बोर्ड 12वीं के रिजल्ट से पहले ट्विटर हैंडल पर तारीखों की घोषणा होगी।
