शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित बनीं JNU की पहली महिला VC, हैं 9 भाषाओं की ज्ञाता, रूस में हुआ जन्म, जानिए हैं कौन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 7, 2022, 01:30 PM IST

First Woman Vice Chancellor of JNU : शिक्षा मंत्रालय ने सावित्रीबाई फुले विश्वविद्यालय की प्रोफेसर शांतिश्री धुलिपुड़ी पंडित को जेएनयू का कुलपति नियुक्त किया गया। वह 9 भाषाओं की ज्ञाता हैं। उनके बारे में विस्तार से जानिए।

शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित बनीं JNU की पहली महिला VC, हैं 9 भाषाओं की ज्ञाता, रूस में हुआ जन्म, जानिए हैं कौन

First Woman Vice Chancellor of JNU : प्रोफेसर शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित को जेएनयू का कुलपति नियुक्त किया गया है। वह जेएनयू की पहली महिला वाइस चांसलर हैं। प्रोफेसर शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित फिलहाल सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में राजनीति और लोक प्रशासन विभाग की प्रोफेसर हैं। जेएनयू के निवर्तमान वाइस चांसलर और यूजीसी के चेयरमैन बन चुके प्रोफेसर एम जगदीश कुमार ने कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि प्रोफेसर शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित जो कि राजनीति और लोक प्रशासन विभाग, सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय से हैं उन्हें जेएनयू के अगले कुलपति के रूप में नियुक्त किया गया है। निवर्तमान कुलपति ने प्रोफेसर शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित को प्रभार दिया और उनकी नई भूमिका में उनकी सफलता की कामना की।

प्रोफेसर शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित का जन्म सेंट पीटर्सबर्ग, रूस में हुआ। वह तेलुगु, तमिल, मराठी, हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, कन्नड़, मलयालम और कोंकणी भाषा की ज्ञाता हैं। उन्होंने स्कूली शिक्षा चैन्नई से ली जिसमें उन्होंने राज्य में प्रथम रैंक हासिल की थी। कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी से सामाजिक कार्य में डिप्लोमा, बी.ए. इतिहास और सामाजिक मनोविज्ञान में 1983 प्रेसीडेंसी कॉलेज, मद्रास से किया। वह यूनिवर्सिटी फर्स्ट रैंक और स्वर्ण पदक विजेता थी।

प्रोफेसर शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित ने 1985 में पोस्ट ग्रेजुएशन एम.ए. राजनीति विज्ञान प्रेसीडेंसी कॉलेज से किया। प्री डॉक्टरल डिग्री- एम.फिल इन इंटरनेशनल रिलेशंस पेपर्स एंड रिसर्टेशन 1986 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से किया। डॉक्टरेट पीएच.डी. अंतरराष्ट्रीय संबंधों में 'संसद और विदेश नीति में' पर थीसिस भारत नेहरू वर्ष जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, स्कूल ऑफ अंतर्राष्ट्रीय संबंध से किया है।

शिक्षा मंत्रालय द्वारा लिए गए निर्णय के उपरांत अब दिल्ली के दो बड़े केंद्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपति का पद महिलाओं द्वारा सुशोभित किया जा रहा है। इससे पहले जामिया मिलिया इस्लामिया में प्रोफेसर नजमा अख्तर को कुलपति बनाया गया था। वहीं अब प्रोफेसर शांतिश्री धूलिपुड़ी पंडित को जेएनयू का कुलपति बनाया गया है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने इससे पहले 4 फरवरी को लिए गए एक अहम निर्णय में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एम जगदीश कुमार को यूजीसी यानी यूनिवर्सिटी ग्रांट कमिशन का चेयरमैन नियुक्त किया था। प्रोफेसर एम जगदीश कुमार को अगले 5 वर्षों के लिए यूजीसी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

प्रोफेसर एम जगदीश कुमार जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में वर्ष 2016 से कुलपति थे। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में उनका कार्यकाल बीते वर्ष 26 जनवरी 2021 को समाप्त हो चुका था। कार्यकाल समाप्त होने के उपरांत उन्हें सेवा विस्तार प्रदान किया गया था। अब प्रोफेसर जगदीश कुमार को यूजीसी का चेयरमैन बनाया गया है।

यूजीसी का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर प्रोफेसर जगदीश कुमार ने आईएएनएस से कहा कि यूजीसी के अध्यक्ष के रूप में, यह मेरे लिए उच्च शिक्षा संस्थानों में हमारे देश के युवा दिमागों के लिए काम करने का एक शानदार अवसर है। मेरा तत्काल ध्यान राष्ट्रीय शिक्षा नीति का तेजी से कार्यान्वयन, उच्च शिक्षा संस्थानों में अनुसंधान और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को सक्षम करने और उच्च शिक्षा को प्रौद्योगिकी का उपयोग करके अधिक समावेशी और सुलभ बनाने पर है। मैं देश भर के उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्रों, शिक्षकों और प्रमुखों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं।
 

End of Article