NEET Topper 2022: इतने घंटे पढ़कर तनिष्का ने NEET UG परीक्षा में किया टॉप, क्या है उनकी सफलता का मंत्र?

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 8, 2022, 12:45 PM IST

NEET UG Topper 2022 Tanishka Success Mantra: हरियाणा के नारनौल की तनिष्का ने नीट यूजी 2022 प्रवेश परीक्षा में टॉप किया है। तनिष्का हमेशा से ही पढ़ाई में काफी अच्छी रही हैं। नीट यूजी परीक्षा के साथ ही उन्होंने जेईई मेन परीक्षा 2022 में भी 99.50 परसेंटाइल हासिल की है।

NEET Topper 2022: इतने घंटे पढ़कर तनिष्का ने NEET UG परीक्षा में किया टॉप, क्या है उनकी सफलता का मंत्र?

NEET Topper 2022 AIR 1 Tanishka Success Tips: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी, NTA ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा, NEET परिणाम 2022, बुधवार 7 सितंबर 2022 को जारी कर दिए हैं। नीट यूजी परीक्षा इस साल 17 जुलाई 2022 को आयोजित की गई थी, जिसके बाद से ही उम्मीदवार अपने परिणामों का इंतजार कर रहे थे। NEET रिजल्ट 2022 जारी करने के साथ ही नीट टॉपर्स लिस्ट भी जारी कर दी गई है। जिसमें हरियाणा की रहने वाली तनिष्का ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल करते हुए इस परीक्षा में टॉप किया है।
 
तनिष्का ने नीट यूजी परीक्षा 2022 में कुल 720 अंको में से 715 अंक हासिल किए हैं। नीट यूजी टॉपर 2022 तनिष्का ने दो साल तक राजस्थान के कोटा में एलन करियर इंस्टीट्यूट से नीट यूजी परीक्षा के लिए तैयारी की है।

अपने शिक्षकों से पूछे ढेरों सवाल

तनिष्का ने नीट यूजी परीक्षा 2022 में अपनी सफलता के बारे में बात करते हुए कहा कि वह कभी भी क्लास के दौरान अपने शिक्षकों से सवाल पूछने में नहीं हिचकिचाती थी। उनके मन में नीट यूजी परीक्षा से जुड़े कोई भी सवाल आते थे, वह तुरंत उनका हल ढूंढने के लिए अपने टीचर्स के पास पहुंच जाती थी। तनिष्का ने बताया कि वह रोजाना 6-7 घंटे सेल्फ स्टडी करती थी। वो भी नीट यूजी परीक्षा की तैयारी शुरू करने के पहले दिन से ही। इसके साथ ही नई चीजें पढ़ने के साथ साथ वह पुराना पढ़ा हुआ भी रिवाइज करती रहती थी। 

हमेशा से टॉपर रही हैं तनिष्का

बता दें कि तनिष्का के माता-पिता दोनों सरकारी कर्मचारी हैं और पेशे से शिक्षक हैं। तनिष्का हमेशा से ही पढ़ने में अच्छी रही हैं। उन्होंने कक्षा 10वीं में 96.4 प्रतिशत अंक हासिल किए तो कक्षा 12वीं में 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उन्होंने जेईई मेंस परीक्षा 2022 में 99.50 परसेंटाइल भी हासिल की है। उनका मानना है कि एक डॉक्टर होने के नाते, किसी व्यक्ति के लिए वह काफी कुछ कर सकती हैं और यही वो कारण है कि वह दिल्ली एम्स में एडमिशन लेकर डॉक्टर बनने का सपना पूरा करना चाहती हैं।

तनिष्का के अनुसार वह आगे चलकर कार्डियो, न्यूरो या ऑन्कोलॉजी की स्पेशलिस्ट बनना चाहती हैं। बता दें ऑल इंडिया रैंक वन के साथ टॉपर्स लिस्ट में शामिल होने वाली हरियाणा की तनिष्का समेत कुल 4 उम्मीदवारों ने इन परीक्षाओं में 720 में से 715 अंक हासिल किए हैं।

End of Article