एजुकेशन

AFCAT 2027 का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी, एयरफोर्स में ऑफिसर बनने के लिए 12 नवंबर से करें आवेदन

इंडियन एयर फोर्स ने AFCAT 01/2027 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए फ्लाइंग ब्रांच और ग्राउंड ड्यूटी (टेक्निकल व नॉन-टेक्निकल) में कमीशंड अधिकारियों का चयन किया जाएगा।

Image

AFCAT 2027 का शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी (Image- AI Generated/Newsroom Verified)

भारतीय वायु सेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। इंडियन एयर फोर्स ने AFCAT 01/2027 भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए फ्लाइंग ब्रांच और ग्राउंड ड्यूटी (टेक्निकल व नॉन-टेक्निकल) में कमीशंड अधिकारियों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा NCC स्पेशल एंट्री और GATE स्कोर के आधार पर भी उम्मीदवारों को मौका मिलेगा। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 12 नवंबर 2026 से आधिकारिक वेबसाइट afcat.cdac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

एयरफोर्स की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक आवेदन प्रक्रिया 12 नवंबर को सुबह 11 बजे शुरू होगी। उम्मीदवार 11 दिसंबर 2026 की रात 11:30 बजे तक फॉर्म जमा कर सकेंगे। चयनित उम्मीदवारों के कोर्स की शुरुआत जनवरी 2028 में एयर फोर्स एकेडमी, डुंडीगल से होगी।

AFCAT एंट्री के लिए 550 रुपये और लागू GST शुल्क देना होगा। वहीं NCC स्पेशल एंट्री और GATE स्कोर एंट्री के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।

ब्रांच के हिसाब से तय है उम्र सीमा

ब्रांचआयु सीमा
फ्लाइंग ब्रांच20 से 24 वर्ष
ग्राउंड ड्यूटी20 से 26 वर्ष

आयु की गणना 1 जनवरी 2028 के आधार पर होगी। वैध DGCA कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) रखने वाले उम्मीदवारों को फ्लाइंग ब्रांच में अधिकतम 26 वर्ष तक की उम्र की अनुमति है।

क्या होनी चाहिए शैक्षणिक योग्यता?

फ्लाइंग और ग्राउंड ड्यूटी नॉन-टेक्निकल ब्रांच के लिए कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन जरूरी है। फ्लाइंग ब्रांच के लिए 12वीं में फिजिक्स और मैथ्स विषय भी होने चाहिए। टेक्निकल ब्रांच के लिए संबंधित विषय में चार साल की BE/BTech डिग्री मांगी गई है।

लिखित परीक्षा और इंटरव्यू से होगा चयन

उम्मीदवारों को पहले कंप्यूटर आधारित AFCAT परीक्षा देनी होगी। इसमें जनरल अवेयरनेस, अंग्रेजी, न्यूमेरिकल एबिलिटी और रीजनिंग से सवाल पूछे जाएंगे। लिखित परीक्षा पास करने वालों को पांच दिन की AFSB चयन प्रक्रिया, साइकोलॉजिकल टेस्ट और मेडिकल जांच से गुजरना होगा।

ट्रेनिंग के दौरान चयनित कैडेट्स को हर महीने 56,100 रुपये स्टाइपेंड मिलेगा। कमीशन मिलने के बाद पे-लेवल 10 के तहत 56,100 से 1,77,500 रुपये तक वेतन दिया जाएगा।

ऑनलाइन अप्लाई लिंक 12 नवंबर को एक्टिव होगा।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article