Advanced English Learning: अंग्रेजी भाषा में कई ऐसे इडियम और फ्रेज हैं जिनका शाब्दिक अर्थ उनके व्यावहारिक अर्थ से बिल्कुल अलग है। इन्हीं में से एक बेहद दिलचस्प और बहुप्रचलित फ्रेज है— "Black and White" या "I Am a Black and White Person"। आपने अक्सर फिल्म, सीरीज और सेलिब्रिटी द्वारा इस फ्रेज का इस्तेमाल होते सुना होगा। जब कोई व्यक्ति बातचीत या इंटरव्यू के दौरान यह कहता है कि "I am a black and white person" (मैं ब्लैक एंड व्हाइट इंसान हूं), तो इसका मतलब रंग-भेद, नस्ल या कपड़ों की पसंद से बिल्कुल नहीं होता। यह फ्रेज किसी व्यक्ति की जीवनशैली, सोचने के तरीके और उसके स्पष्टवादी रवैये को दर्शाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इस फ्रेज के इस्तेमाल से पहले आपके लिए यह समझना जरूरी है कि इसका असल में अर्थ क्या है? आइए जानते हैं विस्तार में -
'Black and White Person' का असली मतलब क्या है?
सरल भाषा में कहें तो 'Black and White Person' उस इंसान को कहा जाता है जो जीवन और परिस्थितियों में स्पष्टता (Clarity) और निष्पक्षता पसंद करता है। ऐसा व्यक्ति घुमा-फिराकर बात करने के बजाय सीधी और सच्ची बात पर विश्वास रखता है। इसे पॉइंट समझते हैं।
| ग्रे एरिया से परहेज | ब्लैक एंड व्हाइट सोच का मतलब है कि आपके लिए या तो कोई चीज सही (White) है या गलत (Black)। ऐसा व्यक्ति बीच का रास्ता या भ्रम, जिसे आप Grey Area कह सकते हैं, पसंद नहीं करता। |
| पारदर्शिता और नियम | ऐसे लोग अक्सर नियम-कानूनों का कड़ाई से पालन करने वाले, अपनी बात के पक्के और काम में किसी भी प्रकार के संशय (Confusion) को दूर रखकर चलने वाले होते हैं। |
| एक चीज का चुनाव | ऐसे लोग दो नावों में सवार होने की बजाए एक तरफ यानी एक रास्ता चुनते हैं, या तो इधर या उधर, लेकिन एक। बिना दुविधा में फंसे। |
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - इंग्लिश में 'Win Win Situation' का क्या है मतलब? जानें रोजमर्रा की जिंदगी और करियर में कहां होता है इसका इस्तेमाल
लोग क्यों खुद को इस फ्रेज से करते हैं डिस्क्राइब?
अपनी पर्सनालिटी, वर्क एथिक्स और इंटरव्यू में खुद की खूबी और व्यक्तित्व के बारे में बताने के लिए अक्सर लोग इस मुहावरे का उपयोग करते हैं। इसके पीछे मुख्य रूप से निम्नलिखित कारण होते हैं, जो इस प्रकार है -
ईमानदारी और स्पष्टता दिखाने के लिए
कार्यक्षेत्र (Workplace) में लोग खुद को ब्लैक एंड व्हाइट इसलिए बताते हैं ताकि सहकर्मियों और सीनियर अफसरों को यह संदेश मिले कि वे काम में किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, अस्पष्टता या घालमेल (Mix-up / Muddle) पसंद नहीं करते।
निर्णय लेने में आसानी
ऐसे व्यक्ति दुविधा में नहीं फंसते। वे किसी भी स्थिति का मूल्यांकन 'हां' या 'ना' के आधार पर करते हैं। इससे टीम में फैसले तेजी से और बिना किसी गफलत के लिए जा सकते हैं।
विश्वसनीयता का प्रतीक
जो लोग अपनी जिंदगी या सिद्धांतों को ब्लैक एंड व्हाइट रखते हैं, उनसे निपटना आसान होता है क्योंकि सामने वाले को हमेशा पता होता है कि उनसे क्या उम्मीद की जाए। वे पीठ पीछे गेम खेलने वाले इंसान नहीं होते। उनकी लाइफ में क्लैरिटी होती है और वह वही क्लैरटी दूसरो को भी देते हैं, जिससे उन पर भरोसा करना ज्यादा आसान होता है।
आम बोलचाल में कैसे करें इस फ्रेज का इस्तेमाल
जॉब इंटरव्यू में प्रयोग
"In my professional life, I am a black and white person. I prefer clear expectations and honest feedback over vague instructions."
(अपनी प्रोफेशनल लाइफ में मैं एक स्पष्टवादी इंसान हूं। मैं अस्पष्ट निर्देशों की जगह साफ उम्मीदें और ईमानदार फीडबैक पसंद करता हूं।)
"The rules of this company are very clear, everything is in black and white."
(इस कंपनी के नियम बहुत स्पष्ट हैं, सब कुछ लिखित और बिल्कुल साफ तौर पर दर्ज है।)
"Before signing the agreement, make sure all the terms are written down in black and white."
(अनुबंध पर हस्ताक्षर करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि सभी शर्तें स्पष्ट रूप से लिखित में हों।)
रिश्तों और बातचीत में प्रयोग
"There is no room for gray area in this agreement; everything should be black and white."
(इस समझौते में किसी भ्रम की गुंजाइश नहीं है, सब कुछ एकदम साफ और लिखित में होना चाहिए।)
"He sees the whole situation in black and white, but the reality is much more complex."
(वह पूरी परिस्थिति को केवल दो पहलुओं (सही या गलत) में देखता है, लेकिन हकीकत कहीं अधिक जटिल है।)
"Life is not always black and white; there are many gray areas in between."
(जिंदगी हमेशा केवल सही या गलत (ब्लैक एंड व्हाइट) नहीं होती, इसके बीच में कई उलझनों भरी स्थितियां भी होती हैं।)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - इंटरव्यू में Where do you see yourself in 5 years सवाल का जवाब कैसे दें? सही आंसर से बढ़ेगी सिलेक्शन की संभावना
'Black and White' सोच का क्या है दूसरा पहलू
भले ही खुद को ब्लैक एंड व्हाइट' कहना स्पष्टवादिता का प्रतीक माना जाता है, लेकिन इसके कुछ नकारात्मक पहलू भी हो सकते हैं जिन्हें समझना आपके लिए जरूरी है -
| सकारात्मक पहलू |
| कोई भ्रम नहीं: काम और फैसलों में पूरी पारदर्शिता रहती है। |
| समय की बचत: सीधा 'हां' या 'ना' कहने से बेवजह का समय बर्बाद नहीं होता। |
| हाई एथिक्स: ऐसे लोग सिद्धांतों और ईमानदारी से समझौता नहीं करते। |
| नकारात्मक पहलू |
| कट्टरता: कई बार परिस्थितियां ऐसी होती हैं जहां थोड़ा लचीलापन (Flexibility) जरूरी होता है। |
| सहानुभूति की कमी: केवल नियमों पर चलने से दूसरों की मानवीय मजबूरियां (Human Context) अनदेखी हो सकती हैं। |
| जटिल स्थितियों को न समझ पाना: जिंदगी हमेशा केवल सही या गलत नहीं होती, कई बार स्थितियां मिश्रित होती हैं। |
अंग्रेजी मुहावरे 'Black and White Person' का इस्तेमाल खुद को एक स्पष्ट, व्यावहारिक और सिद्धांतवादी व्यक्ति के रूप में पेश करने के लिए किया जाता है। यदि आप भी भ्रम की स्थिति से दूर रहकर जीवन और करियर में सीधी-सच्ची राह चुनना पसंद करते हैं, तो यह फ्रेज आपकी पर्सनालिटी को बखूबी बयां कर सकता है।
