Delhi: कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली से अच्छी खबर, 100 फीसदी पात्र लोगों को लगी वैक्सीन की पहली डोज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 24, 2021, 04:38 PM IST

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को बताया कि दिल्ली में सभी योग्य वयस्कों को कोविड ​​-19 वैक्सीन की पहली खुराक का टीका लगाया जा चुका है।

Delhi: कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली से अच्छी खबर, 100 फीसदी पात्र लोगों को लगी वैक्सीन की पहली डोज

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बढ़ते कोरोना मामलों के बीच एक अच्छी खबर सामने आई है। दिल्ली में वैक्सीन के पात्र 100 प्रतिशत लोगों को पहली डोज लग चुकी है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। केजरीवाल ने इस उपलब्धि के लिए डॉक्टर्स, टीचर्स और सभी मेडिकल स्टॉफ को धन्यवाद दिया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 148.33 लाख लोगों को टीके की पहली खुराक दी जा चुकी है।

मुख्यमंत्री का ट्वीट

वैक्सीनेशन की इस उपलब्धि पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'दिल्ली में 100% पात्र लोगों-148.33 लाख लोगों  ने वैक्सीन की पहली खुराक ले ली है। डॉक्टरों, एएनएम, शिक्षकों, आशा, सीडीवी और अन्य सभी फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को सलाम। डीएम, सीडीएमओ, डीआईओ और सभी जिला पदाधिकारियों को बधाई।'

कोरोना के बढ़ते मामले

आपको बता दें कि दिल्ली में ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों को देखते हुए, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने सार्वजनिक स्थानों जैसे रेस्टोंरेंट, सभागार और असेंबली हॉल में लोगों की क्षमता को घटाकर 50 प्रतिशत कर दिया था, जबकि शादी के समारोहों में भी ज्यादा भीड़ एकत्र नहीं की जा सकती है। राष्ट्रीय राजधानी में क्रिसमस और नए साल पर सभी तरह के समारोहों पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, सभी धार्मिक स्थल 25 और 31 दिसंबर को खुले रहेंगे। शादी से संबंधित कार्यक्रम अधिकतम 200 लोगों की मौजूदगी के साथ आयोजित किए जा सकते हैं।
 

End of Article