दिल्ली

स्नैचरों से सस्ते में खरीदता था iPhone, 66 चोरी के मोबाइल के साथ रिसीवर गिरफ्तार; कैसे करते थे खेला?

दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस के थाना सनलाइट कॉलोनी के अंतर्गत पुलिस पोस्ट सराय काले खां की टीम ने स्नैचिंग के एक मामले की जांच में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लगातार पूछताछ, तकनीकी निगरानी और लगातार फॉलोअप के जरिए चोरी के मोबाइल फोन ठिकाने लगाने वाले एक बड़े रिसीवर को गिरफ्तार किया है और उसके पास से भारी मात्रा में चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

Image

दिल्ली में मोबाइल स्नैचर गिरफ्तार

दिल्ली : दिल्ली पुलिस की दक्षिण-पूर्वी जिला इकाई ने सनलाइट कॉलोनी इलाके में मोबाइल स्नैचिंग और चोरी के फोन की खरीद-फरोख्त करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से कुल 66 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें 50 iPhone शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक मामला 18 अप्रैल 2026 का है, जब IP पार्क गेट नंबर-4 के पास एक युवक से पल्सर NS 200 बाइक सवार दो बदमाशों ने ऑरेंज रंग का iPhone 17 Pro छीन लिया था। शिकायत के आधार पर थाना सनलाइट कॉलोनी में 19 अप्रैल को FIR नंबर 138/26 दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO सनलाइट कॉलोनी और ACP लाजपत नगर की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने CCTV फुटेज, स्थानीय सूचना और तकनीकी निगरानी की मदद से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस ने स्नैचिंग में शामिल आरोपी समीर और सुहैल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि छीना गया iPhone उन्होंने एक रिसीवर को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने रिसीवर नेटवर्क पर काम शुरू किया।

ग्रे मार्केट में बेचते थे सस्ते फोन

पुलिस ने चांदनी महल निवासी जाहिर उर्फ सलमान को गिरफ्तार किया, जो चोरी के मोबाइल सस्ते दामों पर खरीदकर ग्रे मार्केट में बेचने का काम करता था। उसकी निशानदेही पर घर में छापेमारी की गई, जहां से चोरी के मोबाइल फोन का बड़ा जखीरा बरामद हुआ। बरामद मोबाइल फोन में 50 iPhone और 14 एंड्रॉयड फोन शामिल हैं। इससे पहले आरोपी सुहैल के पास से भी 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। इस तरह पुलिस ने कुल 66 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

दिल्ली पुलिस अब सभी मोबाइल फोन की ZIPNET, CCTNS और अन्य डेटाबेस के जरिए जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इनका संबंध दिल्ली और आसपास के इलाकों में दर्ज अन्य स्नैचिंग और चोरी के मामलों से तो नहीं है। पूछताछ में जाहिर उर्फ सलमान ने खुलासा किया कि शिकायतकर्ता का iPhone 17 Pro वह पहले ही 40 हजार रुपये में किसी अन्य व्यक्ति को बेच चुका है। पुलिस अब उस खरीदार की पहचान कर फोन बरामद करने में जुटी है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी समीर भलस्वा झुग्गी कॉलोनी का रहने वाला है और उसके खिलाफ स्नैचिंग, लूट और पॉकेटमारी के 16 मामले दर्ज हैं। वहीं सुहैल दरियागंज का निवासी है और पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रह चुका है। जाहिर उर्फ सलमान के खिलाफ भी पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से राजधानी में सक्रिय मोबाइल स्नैचिंग गिरोह के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है और आगे भी जांच जारी रहेगी।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article