दिल्ली

Gogi Gang: दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल का बड़ा ऑपरेशन, गोगी गैंग के दो शूटर गिरफ्तार

जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी करीब 10 रंगदारी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Photo : iStock

दिल्ली के बवाना-सोनीपत रोड के पास स्पेशल सेल ने बड़ा ऑपरेशन करते हुए गैंगस्टर जितेंद्र मान उर्फ गोगी गैंग के दो कथित शूटरों चिराग उर्फ काला और सागर उर्फ सेठी को गिरफ्तार किया है।पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी अपने आका के निर्देश पर रंगदारी वसूलने के लिए फायरिंग करने पहुंचे थे, लेकिन इससे पहले ही स्पेशल सेल ने दोनों को दबोच लिया।

जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी करीब 10 रंगदारी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।गिरफ्तार आरोपी सागर उर्फ सेठी को अंकित शेरशाह का भतीजा बताया जा रहा है, जो सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मामले में जेल में बंद है।

स्पेशल सेल अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रंगदारी के पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं और गैंग के निर्देश पर किन इलाकों में वारदातों को अंजाम दिया गया।

अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता

वहीं इससे पहले पंजाब पुलिस को अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। काउंटर इंटेलिजेंस विंग की ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्रैडिशन सेल (OFTEC) ने दाविंदर बंबीहा गैंग से जुड़े तीन वांटेड आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों को केंद्रीय एजेंसियों की मदद से मलेशिया से भारत डिपोर्ट कराया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

जानकारी के अनुसार, आरोपी मलेशिया से डिपोर्ट होकर भारत में नई दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर पहुंचे। जिसके बाद पंजाब पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट पर उतरते ही हिरासत में ले लिया। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जसप्रीत सिंह उर्फ जस बेहबल, अजय सिंह और पवनदीप सिंह के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए आरोपियों को लेकर पंजाब रवाना हुई है।

लवली बख्शी की रिपोर्ट...

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article