Delhi Metro: छेड़छाड़ की शिकार युवती की गुहार, एक्शन ले मेट्रो प्रशासन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 3, 2022, 09:51 PM IST

Delhi Metro: दिल्‍ली के जोरबाग मेट्रो स्‍टेशन पर एक युवती को सफर के दौरान छेड़खानी का शिकार होना पड़ा। आरोपी व्‍यक्ति ने युवती से एड्रेस पूछने के बहाने संपर्क किया और स्‍टेशन पर छेड़खानी की। इस संबंध में ट्वीट करते हुए पीड़िता ने कहा कि उसने एक पलिसकर्मी व मेट्रो स्‍टॉप से मदद भी मांगी, लेकिन उसे मदद नहीं मिली।

Delhi Metro: छेड़छाड़ की शिकार युवती की गुहार, एक्शन ले मेट्रो प्रशासन
Photo Credit: Twitter

Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो में एक युवती के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता ने ट्वीट कर इस घटना की जानकारी दी, जिसके बाद दिल्‍ली पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। यह घटना जोर बाग मेट्रो स्‍टेशन की है। युवती ने मेट्रो स्टेशन पर अपरिचित आदमी की इस हरकत से डरकर स्टेशन पर ही मौजूद एक पुलिसकर्मियों से मदद भी मांगी, लेकिन उसे मदद नहीं मिल सकी। इससे वो काफी नाराज और दुखी भी हुई, उसके बाद घर पहुंचकर उसने इस संबंध में ट्वीट किया।

पीड़िता ने इस पूरी घटना को सिलसिलेवार तरीके से ट्वीट करते हुए बताया कि मैं आमतौर पर ट्वीट पर पोस्ट नहीं करती, लेकिन दिल्ली मेट्रो के अंदर आज मुझे जिस तरह से एक दर्दनाक घटना का सामना करना पड़ा, वह ध्यान देने योग्य है। पीड़िता ने बताया कि येलो लाइन पर यात्रा करते समय उसे जोर बाग स्टेशन पर यौन उत्पीड़न सामना करना पड़ा। पीड़िता ने बताया कि छेड़खानी करने वाले शख्‍स ने उससे एड्रेस पूछने के लिए मदद मांगी थी। मैंने उसकी मदद भी की, फिर वह मेरे साथ जोर बाग स्टेशन पर उतर गया।

स्‍टेशन पर एड्रेस कन्फर्म करने के बहाने की छेड़खानी

पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने स्‍टेशन पर एक बार फिर से एड्रेस कन्फर्म करने की आड़ में मुझसे संपर्क किया। इस दौरान वो मेरे साथ अश्लील हरकत करने लगा, जिससे मैं एकदम से डर गई। पीड़िता का आरोप है कि उसने तुरंत प्लेटफॉर्म पर खड़े एक पुलिसकर्मी से संपर्क किया, लेकिन उक्‍त पुलिसकर्मी ने मदद करने से इनकार करते हुए कहा कि वो दूसरे अधिकारियों के पास जाकर अपनी शिकायत करें। उसके बाद वो सीसीटीवी रूम तक गई और वहां उस व्यक्ति को पहचान भी लिया। मगर उसके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया।

डीएमआरसी ने मांगा सही समय

पीड़ित युवती के ट्वीट पर संज्ञान में लेते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने युवती से घटना का सही समय बताने को कहा है। डीएमआरसी ने कहा कि कृपया घटना का सही समय बताएं, जिससे आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जा सके। साथ ही डीएमआरसी ने सलाह दी कि ऐसे मामलों में यात्री तुरंत ही नजदीकी मेट्रो स्टाफ को रिपोर्ट करें या स्टेशन पर कस्टमर केयर सेंटर से संपर्क करें। डीएमआरसी ने कहा कि वे डीएमआरसी हेल्पलाइन नंबर 155370 या सीआईएसएफ हेल्पलाइन नंबर 155655 पर भी कॉल कर सकते हैं।

End of Article