दिल्ली में 15 अगस्त तक 500 तिरंगे लगाएगी AAP सरकार, केजरीवाल ने तिरंगा सम्मान समितियों की घोषणा की

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 4, 2022, 03:33 PM IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 4 जून को कहा है कि आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार 15 अगस्त तक दिल्ली में 500 तिरंगे लगाएगी। उन्होंने प्रत्येक ध्वज के लिए 5 सदस्यीय समिति के गठन की घोषणा की।

दिल्ली में 15 अगस्त तक 500 तिरंगे लगाएगी AAP सरकार, केजरीवाल ने तिरंगा सम्मान समितियों की घोषणा की

आजादी के 75वें साल में पूरी दिल्ली में लगे 115 फीट ऊंचे अमर तिरंगे के सम्मान में विशेष कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 15 अगस्त तक दिल्ली में 500 तिरंगे लग जाएंगे। दिल्ली देश की राजधानी तो है ही, अब तिरंगों की राजधानी भी बन गई है। 

केजरीवाल ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान, शान है। तिरंगा देखते ही भगत सिंह, बाबा साहेब, गांधी जी, सरदार पटेल की कुर्बानियां हमारी नजरों के सामने आ जाती हैं। इसलिए हमने तय किया दिल्ली में 500 जगह तिरंगा लगाएंगे ताकि तिरंगा देखते ही भारत माता की याद आ जाए। 

उन्होंने कहा कि जब भारत-पाकिस्तान के बीच मुठभेड़ होती है और हमारे देश का सिपाही सियाचिन पर जाकर तिरंगा गाड़ता है, तब पूरे देश का सीना चौड़ा हो जाता है। दिल्ली सरकार द्वारा 'तिरंगा सम्मान समितियों' की घोषणा की गई। हर तिरंगे के लिए 5 लोगों की समिति होगी। समिति का काम तिरंगे का सम्मान सुनिश्चित करना होगा। तिरंगा कहीं से फटा या मैला तो नहीं, ऐसा होने पर संबंधित अधिकारी को सूचना देनी होगी। 

देश सेवा के लिए तिरंगा सम्मान समिति को अरविंद केजरीवाल ने 5 मंत्र दिए

  1. भूखे को खाना खिलाएं
  2. बच्चे को शिक्षा दिलाएं 
  3. बीमार का इलाज कराएं 
  4. बेघर को नाइट शेल्टर-स्ट्रीट चिल्ड्रन को स्कूल पहुंचाएं
  5. अपने इलाक़े की साफ-सफाई करें

दिल्ली के सीएम ने कहा कि हमारा मकसद है कि हर हाथ में तिरंगा होना चाहिए। कुछ दिन बाद दिल्ली सरकार एक कार्य्रकम लॉन्च करने जा रही है #हर_हाथ_तिरंगा। जिस दिन 130 करोड़ लोग मिलकर भारत के लिए सोचना शुरू करेंगे, उस दिन गरीबी दूर हो जाएगी, इंडिया तरक्की करेगा और विश्व गुरु बन जाएगा।

End of Article