Delhi Corona Cases:ओमीक्रॉन के खतरे के बीच डरा रहे दिल्ली के आंकड़े, सामने आए 249 केस, 13 जून के बाद से सबसे ज्यादा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 26, 2021, 09:26 AM IST

Delhi Corona Cases Update: दिल्ली में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 249 नए मामले सामने आए, जो कि 13 जून के बाद से अब तक प्रतिदिन सामने आने वाले मामलों की सर्वाधिक संख्या है

Delhi Corona Cases:ओमीक्रॉन के खतरे के बीच डरा रहे दिल्ली के आंकड़े, सामने आए 249 केस, 13 जून के बाद से सबसे ज्यादा

नयी दिल्ली: स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में महामारी से एक मरीज की मौत हो गई और संक्रमण की दर बढ़कर 0.43 प्रतिशत हो गई। दिल्ली में कोविड-19 से अब तक 25,104 मरीजों की मौत हो चुकी है। आंकड़ों के अनुसार, 13 जून को 255 मामले सामने आए थे, संक्रमण की दर 0.35 प्रतिशत थी तथा और उस दिन 23 मरीजों की मौत दर्ज की गई थी।

विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में अब तक संक्रमण के कुल 14,43,062 मामले सामने आ चुके हैं और 14.17 लाख से ज्यादा लोग कोविड से पीड़ित होने के बाद ठीक हो चुके हैं। दिसंबर में अब तक महामारी से छह मरीजों की मौत हुई है।

दिल्ली में नाइट कर्फ्यू, स्कूलों और कॉलेजों तथा गैर-जरूरी सामानों की दुकानों को बंद करने और मेट्रो ट्रेनों में बैठने की क्षमता आधी होने की आशंका है क्योंकि दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण की दर 0.43 प्रतिशत तक पहुंच गई है जो चरणबद्ध प्रकिया कार्य योजना के तहत येलो अलर्ट शुरू होने के लिये 0.5 प्रतिशत से कुछ ही पीछे है।

...तो  कुछ ही महीनों बाद राजधानी में अधिकांश गतिविधियां दोबारा थम जाएंगी

चार स्तरीय जीआरएपी के तहत, संक्रमण दर जब 0.5 फीसदी होता है तो अगले दो दिन के लिये 'येलो' अलर्ट शुरू हो जाता है और कई तरह के प्रतिबंध लगा दिये जाते हैं यदि यह चेतावनी जारी की जाती है, तो अप्रैल लॉकडाउन से चरणबद्ध तरीके से पुन: उभरने के कुछ ही महीनों बाद राजधानी में अधिकांश गतिविधियां दोबारा थम जाएंगी।

Yellow Alert के दौरान 10 बजे रात से पांच बजे सुबह तक कर्फ्यू लगाने का प्रावधान

दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने कोविड की तीसरी लहर को देखते हुये जुलाई में जीआरएपी को मंजूरी दी थी । इसका उद्देश्य कोविड की स्थिति के आधार पर प्रतिबंध लगाने और हटाने की एक स्पष्ट व्यवस्था बनायी गयी है। येलो अलर्ट के दौरान 10 बजे रात से पांच बजे सुबह तक कर्फ्यू लगाने का प्रावधान है जबकि रेड अलर्ट के दौरान पूरा कर्फ्यू लगाया जाता है।

End of Article