Baramati News: महाराष्ट्र के बारामती से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है। यहां एक महिला पर अपने पति को कथित तौर पर नशीली दवा देकर बेहोश करने, उसके साथ मारपीट करने और फिर उसे जिंदा ही घर में दफन करने की कोशिश करने का आरोप लगा है। पुलिस की तत्परता से पति की जान बच गई। यह घटना बारामती शहर के जामदार रोड स्थित इंद्रप्रस्थ सोसायटी के फ्लैट नंबर 9 में 30 जुलाई की रात करीब साढ़े 11 बजे से 1 अगस्त की सुबह साढ़े 11 बजे के बीच की बताई जा रही है।
नशीली दवा खिला किया बेहोश
पुलिस के अनुसार, प्रवीण प्रकाश जगताप को उनकी पत्नी शर्मिला प्रवीण जगताप ने कथित तौर पर नशीली दवा दी। इसके बाद प्रवीण को अर्ध-बेहोशी की हालत में बेल्ट और अन्य वस्तु से मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद उन्हें घर की गैलरी में बनाए गए एक चौकोर ढांचेनुमा गड्ढे में लिटाया गया। इतना ही नहीं, आरोपी महिला ने कथित तौर पर इस गड्ढे को ऊपर से कडप्पा पत्थर की फरशी से बंद करने की कोशिश की, ताकि प्रवीण को वहीं दफन किया जा सके।
गोपनीय सूचना पर पुलिस पहुंची, बच गई जान
इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को एक गोपनीय सूत्र के जरिए मिली। सूचना मिलते ही बारामती सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और कथित हत्या के प्रयास का खुलासा किया। पुलिस की कार्रवाई के चलते प्रवीण जगताप की जान बच गई। मामले में प्रवीण के पिता प्रकाश जगताप की शिकायत पर बारामती सिटी पुलिस स्टेशन में आरोपी शर्मिला जगताप के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
हत्या की कोशिश के पीछे क्या वजह?
बारामती के डीवाईएसपी चैतन्य कदम के मुताबिक, इस मामले में बीएनएस की धारा 109(1) और 118(1) के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 10 अगस्त 2026 तक पुलिस कस्टडी मिली है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर पति की हत्या की कोशिश के पीछे असली वजह क्या थी। क्या इस मामले में कोई और व्यक्ति शामिल है? क्या हत्या के लिए पहले से कोई योजना बनाई गई थी? इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
‘जादू-टोने’ का एंगल भी जांच के दायरे में
इस मामले में जादू-टोने के एंगल की भी चर्चा सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के घर में मिले एक कैलेंडर पर कुछ तारीखों के सामने ‘No Result’ जैसी टिप्पणियां लिखी हुई मिली हैं। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल जादू-टोने के एंगल की पुष्टि नहीं की है। डीवाईएसपी चैतन्य कदम ने कहा कि आरोपी से पुलिस कस्टडी के दौरान पूछताछ की जाएगी और इस पहलू समेत सभी संभावित कारणों की जांच की जाएगी।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक पत्नी ने अपने पति को जिंदा दफन करने की कोशिश क्यों की? इस सवाल का जवाब पुलिस की जांच और आरोपी से पूछताछ के बाद ही सामने आएगा।
