Digital Arrest: राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के नोएडा से साइबर अपराधियों की एक बेहद शातिर और हैरान करने वाली करतूत सामने आई है। यहां अमेरिका से भारत लौटे 62 साल के एक वरिष्ठ वकील को ठगों ने लगभग तीन सप्ताह तक मानसिक दबाव में रखते हुए 'डिजिटल अरेस्ट' का शिकार बनाया। खुद को केंद्रीय जांच एजेंसियों का अधिरारी बताने वाले बदमाशों ने गिरफ्तारी का खौफ दिखाकर उनसे कुल 3 करोड़ 80 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम ऐंठ ली।
पहलगाम आतंकी हमले से जोड़कर दिखाया खौफ
ठगी के इस खेल को अंजाम देने के लिए अपराधियों ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के आला अधिकारियों का मुखौटा ओढ़ा। पीड़ित वकील के पास वीडियो और ऑडियो कॉल के माध्यम से संपर्क साधा गया और उन्हें गंभीर कानूनी परिणामों की चेतावनी दी गई। बदमाशों ने झूठा दावा किया कि उनके नाम पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के अलावा हालिया पहलगाम आतंकी हमले से जुड़े होने के पुख्ता सुराग मिले हैं। गिरफ्तारी और जेल जाने के आसन्न खतरे ने बुजुर्ग पेशेवर को मानसिक रूप से पूरी तरह झकझोर दिया, जिसका फायदा उठाकर जालसाजों ने उन्हें अपने शिकंजे में कस लिया।
21 दिनों तक बाहरी दुनिया से काटा संपर्क
पीड़ित को मनोवैज्ञानिक रूप से तोड़ने के लिए साइबर अपराधियों ने उन्हें लगातार 21 दिनों तक आभासी हिरासत यानी 'डिजिटल अरेस्ट' की स्थिति में रखा। इस दौरान चौबीसों घंटे वीडियो और वॉयस कॉल के जरिए उनकी हर हरकत पर निगरानी रखी जाती थी ताकि वे किसी भी परिजन, परिचित या स्थानीय पुलिस से संपर्क न साध सकें। जालसाजों ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के जरिए बैंक खातों व संपत्तियों के अनिवार्य सत्यापन का नाटक रचा और सुरक्षा का झांसा देकर अपने बताए गए विभिन्न खातों में पैसे ट्रांसफर करने के लिए मजबूर कर दिया। डर के इस लंबे दौर में वकील ने अपनी जीवन भर की गाढ़ी कमाई किस्तों में बदमाशों के सुपुर्द कर दी।
पुलिस और एफबीआई तक पहुंची शिकायत
जब ठगी के इस जाल का पर्दाफाश हुआ और पीड़ित को वास्तविकता का अहसास हुआ, तो उन्होंने बिना देर किए नोएडा के साइबर क्राइम थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। चूंकि पीड़ित हाल ही में अमेरिका से भारत लौटे थे, इसलिए उन्होंने इस बड़े फ्रॉड की जानकारी अमेरिकी संघीय जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) को भी दी है।
मामले की गंभीरता को भांपते हुए साइबर थाना पुलिस ने फौरन कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्वरित कदम उठाते हुए इस ठगी से जुड़े बैंक खातों में से करीब 4 लाख रुपये की राशि को होल्ड व फ्रीज कराने में सफलता मिली है। बाकी करोड़ों रुपये के लेन-देन को ट्रेस करने और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस तकनीकी सर्विलांस की मदद ले रही है।
