क्राइम

दाऊद के गढ़ पाकमोडिया स्ट्रीट में फिर चला BMC का बुलडोजर, कभी यहीं से खड़ी हुई थी D-कंपनी की दुनिया

Dawood Ibrahim: जिस पाकमोडिया स्ट्रीट से दाऊद ने डी कंपनी की शुरुआत की थी, वहां पर आज बुलडोजर कार्रवाी हो रही है। BMC की बुलडोजर कार्रवाई ने एक बार फिर दाऊद के पुराने ठिकाने को चर्चा में ला दिया है।

Image

दाऊद इब्राहिम के पुराने ठिकाने पर चला बुलडोजर (AI Photo)

Dawood Ibrahim: मुंबई की पाकमोडिया स्ट्रीट... यह महज दक्षिण मुंबई की एक सड़क नहीं, बल्कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के अतीत और उसकी अपराध की दुनिया से जुड़ी एक अहम जगह है। इसी इलाके में दाऊद का पुश्तैनी घर था। यहीं उसका बचपन बीता, शुरुआती पढ़ाई हुई और आगे चलकर उसने स्थानीय लड़कों को जोड़कर अपने गिरोह की नींव रखी, जो बाद में D-कंपनी के नाम से कुख्यात हुआ। अब इसी पाकमोडिया स्ट्रीट पर BMC की बुलडोजर कार्रवाई ने एक बार फिर दाऊद के पुराने ठिकाने और मुंबई अंडरवर्ल्ड के इतिहास को चर्चा में ला दिया है।

हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना पर बुलडोजर

मुंबई महानगरपालिका (BMC) की टीम ने भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना परिसर के जर्जर हिस्सों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की है। इस कार्रवाई में इमारत के ऊपरी हिस्से और जर्जर निर्माण को निशाना बनाया जा रहा है। हालांकि, परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित विवादित मस्जिद के मुख्य हिस्से को फिलहाल तोड़फोड़ से अलग रखा गया है। BMC की कार्रवाई में दाऊद का पुश्तैनी मकान भी शामिल नहीं है। उसका घर करीब चार से पांच साल पहले कोविड काल के दौरान ही ढहा दिया गया था।

जिस गली से शुरू हुई D-कंपनी की कहानी

पाकमोडिया स्ट्रीट का नाम आते ही मुंबई अंडरवर्ल्ड के शुरुआती दौर की तस्वीर सामने आती है। दाऊद इब्राहिम का बचपन इसी इलाके में गुजरा था। यहीं उसने अपने आसपास के स्थानीय लड़कों को इकट्ठा करना शुरू किया और धीरे-धीरे अपना नेटवर्क तैयार किया। यही छोटा गिरोह आगे चलकर D-कंपनी के रूप में पहचाना जाने लगा।

दाऊद के अपराध जगत में आगे बढ़ने के साथ पाकमोडिया स्ट्रीट का नाम भी मुंबई अंडरवर्ल्ड के इतिहास से जुड़ता चला गया। इस इलाके में हुई गैंगवार की घटनाओं ने भी इसे सुर्खियों में रखा। दाऊद के भाई इब्राहिम की हत्या पठान कंपनी ने की थी। इसके बाद बदले की कार्रवाई में दाऊद ने रमा नाइक और बड़ा राजन के गिरोह के लोगों को साथ लेकर समद पठान की हत्या करवाई थी। इस घटना ने मुंबई के गैंगवार के दौर में दुश्मनी और बदले की एक और खूनी कड़ी जोड़ दी।

दूसरी मंजिल पर था दाऊद का कब्जा

हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना परिसर और दाऊद के पुराने घर के बीच का संबंध दस्तावेजों में भी दर्ज है। मुसाफिरखाना ट्रस्ट और सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (SBUT) के बीच मार्च 2015 में हुए मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग में इसका जिक्र किया गया था। 11 दिसंबर 2019 के बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले में भी इस समझौते का उल्लेख हुआ था।

इस दस्तावेज के मुताबिक, दाऊद ने इमारत की पूरी दूसरी मंजिल पर कब्जा कर रखा था। इस हिस्से का क्षेत्रफल 568.87 वर्ग मीटर बताया गया था। हालांकि, दाऊद का पुश्तैनी मकान पहले ही ढहाया जा चुका है और मौजूदा कार्रवाई उस मकान पर नहीं हो रही है।

मुसाफिरखाना ट्रस्ट ने SBUT को बेची थी प्रॉपर्टी

हाजी इस्माइल हबीब मुसाफिरखाना की यह संपत्ति मुसाफिरखाना ट्रस्ट ने सैफी बुरहानी अपलिफ्टमेंट ट्रस्ट (SBUT) को बेच दी थी। SBUT एक पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट है, जिसे वर्ष 2009 में दक्षिण मुंबई के भिंडी बाजार इलाके के पुनर्विकास के लिए बनाया गया था।

यह इमारत SBUT के भिंडी बाजार क्लस्टर रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के सेक्टर-8 में आती है। BMC के कम्युनिकेशन के मुताबिक, यह एक नॉन-सेस स्ट्रक्चर है। म्हाडा ने डेवलपमेंट कंट्रोल रेगुलेशंस के रेगुलेशन 33(9) के तहत SBUT के क्लस्टर रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के लिए NOC जारी की थी। साथ ही टेनेंट रिहैबिलिटेशन एनेक्सर का सर्टिफिकेशन भी पूरा किया जा चुका है।

कोर्ट के आदेश के तहत हो रही तोड़फोड़

SBUT के मुताबिक, यह कार्रवाई मुंबई नगर निगम अधिनियम की धारा 354 के तहत की जा रही है। ट्रस्ट ने इसके लिए बॉम्बे हाई कोर्ट के 31 अगस्त 2020 के आदेश का भी हवाला दिया है। इस आदेश में नागरिक अधिकारियों और म्हाडा को तोड़फोड़ और बेदखली से जुड़े आदेशों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था।

फिलहाल BMC की टीम मुसाफिरखाना परिसर के जर्जर हिस्सों को हटाने में जुटी है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पाकमोडिया स्ट्रीट पर भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। परिसर की मस्जिद के मुख्य हिस्से को लेकर फिलहाल कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article