क्राइम

साइबर ठगों का बैंकिंग नेटवर्क! बिहार में मिले 1.09 लाख म्यूल अकाउंट, पटना टॉप पर

Bihar Cyber Crime: बिहार पुलिस के 'साइबर प्रहार 5.0' अभियान के तहत राज्य के सभी 38 जिलों में 1.09 लाख म्यूल बैंक खातों की पहचान की गई है, जिनमें सर्वाधिक 14,644 खाते पटना में मिले हैं।

Image

बिहार में साइबर अपराध में टॉप पर पटना (AI Photo)

Bihar Cyber Crime: बिहार में साइबर ठगी के लिए बैंक खातों का बड़ा नेटवर्क सामने आया है। राज्य पुलिस ने सभी 38 जिलों में 1.09 लाख ऐसे बैंक खातों की पहचान की है, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर ठगी की रकम हासिल करने, छिपाने और अवैध लेन-देन के लिए किया जा रहा था। इन खातों को 'म्यूल अकाउंट' कहा जाता है। चौंकाने वाली बात यह है कि ऐसे खातों की संख्या के मामले में राजधानी पटना सबसे आगे है।

पटना-गया सबसे आगे

राज्य पुलिस के ’साइबर प्रहार 5.0’ अभियान के तहत इन 1.09 लाख म्यूल बैंक खातों की पहचान की गई। इस अभियान का उद्देश्य ऐसे बैंक खातों के नेटवर्क पर कार्रवाई करना था। बिहार पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए सितंबर और अक्टूबर 2026 के आंकड़ों के अनुसार, पटना जिले में सबसे अधिक 14,644 म्यूल बैंक खाते मिले। इसके बाद गयाजी में 6,172, पूर्वी चंपारण में 4,414, मुजफ्फरपुर में 4,244, भागलपुर में 4,197 और नालंदा में 4,146 ऐसे खातों की पहचान की गई।

क्रम संख्याजिलाम्यूल बैंक खातों की संख्या
1पटना14,644
2गयाजी6,172
3पूर्वी चंपारण4,414
4मुजफ्फरपुर4,244
5भागलपुर4,197
6नालंदा4,146
7पश्चिमी चंपारण3,945
8सीवान3,859
9रोहतास3,153
10भोजपुर3,144
11पूर्णिया2,813
12खगड़िया1,330
13कैमूर1,222
14लखीसराय1,009
15शेखपुरा813
16शिवहर427

7,728 बैंक खातों के खिलाफ कई शिकायतें

पुलिस की रिपोर्ट में ऐसे 7,728 बैंक खातों का भी जिक्र किया गया है, जिनके खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दो या इससे अधिक शिकायतें दर्ज की गई थीं। इस श्रेणी में भी पटना सबसे आगे रहा, जहां ऐसे 1,111 खाते मिले। इसके बाद गयाजी में 437, नालंदा में 360, भागलपुर में 314 और पूर्वी चंपारण में 278 ऐसे खाते दर्ज किए गए।

बिहार में इन मामलों से जुड़ी विवादित धोखाधड़ी की कुल रकम 72.53 करोड़ रुपये रही। इसमें सबसे अधिक करीब 13.81 करोड़ रुपये की रकम पटना से जुड़ी थी। इसके बाद सीवान में 3.83 करोड़ रुपये, भागलपुर में 2.58 करोड़ रुपये और मुजफ्फरपुर में 3.31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की रकम सामने आई।

बिहार में साइबर अपराध से जुड़ी 47,659 शिकायतें

इसके अलावा, दो महीने के एनसीआरपी आंकड़ों के अनुसार, बिहार में साइबर अपराध से जुड़ी 47,659 शिकायतें दर्ज की गईं। इन मामलों में 121.26 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी वाले लेनदेन हुए। इसमें से 36.94 करोड़ रुपये की रकम पर रोक लगा दी गई, जबकि पीड़ितों को 8.04 करोड़ रुपये वापस कराए गए।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस अवधि के दौरान राज्य में साइबर अपराध और सोशल मीडिया से जुड़ी अन्य शिकायतों के सिलसिले में 876 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 159 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article