क्राइम

दो दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से लौटा था पति, बेवफाई के शक में पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी

पुलिस के अनुसार, दंपत्ति का छोटा बेटा ऑस्ट्रेलिया में रहता है और दोनों कुछ समय पहले वहीं गए थे। कमलदीप कौर चार महीने पहले भारत लौट आई थीं, जबकि रविंदर 29 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से वापस आया था।

Image

लुधियाना में शख्स ने की पत्नी की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Ludhiana News: पंजाब के लुधियाना में ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटे एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने चरित्र पर संदेह के चलते अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना पकहोवाल रोड स्थित विकास नगर की है, जहां आरोपी ने शनिवार देर शाम वारदात को अंजाम दिया। मृतका की पहचान 49 वर्षीय कमलदीप कौर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम रविंदर सिंह है जो लुधियाना में पिक-अप वैन चलाता है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

दूध लेने बाजार भेजा और घर में कर दी हत्या

पुलिस के अनुसार, दंपत्ति का छोटा बेटा ऑस्ट्रेलिया में रहता है और दोनों कुछ समय पहले वहीं गए थे। कमलदीप कौर चार महीने पहले भारत लौट आई थीं, जबकि रविंदर 29 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से वापस आया था। उनका बड़ा बेटा गगनदीप सिंह लुधियाना वाले घर पर ही रहता है।

बेटे गगनदीप द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, पिता के वापस आने के बाद से माता-पिता के बीच किसी विवाद के कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिख रहे थे। शनिवार शाम को पिता ने गगनदीप को स्थानीय बाजार से दूध लाने के लिए भेजा। जब गगनदीप दूध लेकर वापस लौटा, तो उसने अपने पिता को घर से बाहर भागते हुए देखा। पूछने पर रविंदर ने कहा कि अंदर जाकर देखो।

अंदर जाने पर गगनदीप ने देखा कि उसकी मां बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ी थीं। उनके पेट और गर्दन पर चाकू से वार किए गए थे। पड़ोसियों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

थाना दुगरी के SHO गुरमुख सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या की वजह चरित्र पर शक सामने आई है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी हत्या की योजना बनाकर ही ऑस्ट्रेलिया से आया था, क्योंकि लौटने के महज दो दिन के भीतर ही उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी ने रसोई के चाकू से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद सबूत मिटाने की नीयत से उसने चाकू को धोकर वापस रसोई में रख दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। दुगरी थाने में मामला दर्ज कर आरोपी रविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article