क्राइम

सुरक्षित रहोगी थाने चलो, फिर बंद कमरे में खाकीवाले ने की दरिंदगी! झारखंड में 15 पुलिसकर्मी सस्पेंड, SI-कांस्टेबल गिरफ्तार

Jharkhand Crime News: झारखंड में जिन पुलिस वालों पर भरोसा करके एक महिला थाने पहुंची, उन्हीं में से एक ने उसकी इज्जत थाने के अंदर ही लूट ली। महिला पति की मार से बचने के लिए पुलिस बुलाई थी।

Image

झारखंड में थाने के अंदर महिला के साथ दुष्कर्म (फोटो- Jharkhand Police & Canva)

Jharkhand Crime News: झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाने के अंदर एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। इस गंभीर अपराध में संलिप्तता और लापरवाही के आरोप में पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सब-इंस्पेक्टर और कांस्टेबल समेत कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, कर्तव्य में भारी लापरवाही और पुलिस की छवि धूमिल करने के आरोप में कुल 15 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

सरायकेला के एसडीओ (SDPO) अनुभव भारद्वाज के अनुसार, 31 अक्टूबर को एक महिला ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके साथ गम्हरिया पुलिस स्टेशन के परिसर के भीतर ही दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि 29 अक्टूबर की शाम को उसका अपने पति के साथ विवाद हो गया था। पिटाई के डर से वह घर से निकलकर एक पड़ोसी के घर गई और अपने मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एक पीसीआर (PCR) वैन मौके पर पहुंची और महिला को थाने ले आई।

ड्यूटी पर मौजूद अधिकारियों ने उसे आराम करने के लिए थाने के भीतर ही एक कमरा उपलब्ध कराया। आरोप है कि जब महिला उस कमरे में थी, उसी दौरान थाने में वायरलेस ऑपरेटर के पद पर तैनात मुख्य आरोपी नीरज लकड़ा उस कमरे में घुसा और उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया।

एसआईटी का गठन और ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक (SP) मनोज स्वर्गियारी ने 30 अक्टूबर को एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। एसडीओ सरायकेला के नेतृत्व में काम कर रही एसआईटी ने शुरुआती जांच के आधार पर मुख्य आरोपी वायरलेस ऑपरेटर नीरज लकड़ा को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

इसके बाद, शनिवार को सौंपी गई एसआईटी रिपोर्ट के आधार पर रविवार को पुलिस ने गम्हरिया थाने के उपनिरीक्षक (SI) मनोज कुमार साहू और आरक्षी (Constable) संतोष कुमार राय को भी गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार इस मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिन्हें अदालत के निर्देश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

थाना प्रभारी समेत 15 पुलिसकर्मी निलंबित

मामले में संलिप्तता, कर्तव्य में लापरवाही और सतर्कता की भारी कमी के चलते एसपी ने दो चरणों में कुल 15 पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की बड़ी कार्रवाई की है। कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में गम्हरिया थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय प्रसाद, उपनिरीक्षक मनोज साहू और अनिरुद्ध सिंह, हवलदार मुनेश्वर कुमार तथा आरक्षी संतोष राय को निलंबित किया गया। (बाद में इनमें से एसआई मनोज साहू और आरक्षी संतोष राय को गिरफ्तार कर लिया गया)।

ड्यूटी में लापरवाही और पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाने के आरोप में उपनिरीक्षक अजय पासवान और ललन रविदास, सहायक उपनिरीक्षक (ASI) विशु उरांव, मुकेश कुजूर, मुकेश रविदास, सीताराम सिंह पाहन, हवलदार पीतांबर महतो, बहादुर हांसदा और आरक्षी मनोज गोराई को निलंबित किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस सनसनीखेज मामले की परतें खंगालने के लिए एसआईटी की जांच अभी जारी है। जांच के दौरान यदि अन्य किसी भी पुलिसकर्मी या व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!