क्राइम

UP: विधायक ने किया था सड़क जाम, कोर्ट ने सुना दी एक साल की सजा

आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाने के सामने मार्ग जाम करके सरकारी काम में बाधा डालने के एक मामले में एक स्थानीय अदालत ने समाजवादी पार्टी (सपा) के मौजूदा विधायक रमाकांत यादव को सोमवार को एक साल के सश्रम कारावास और जुर्माने की सजा सुनायी।

Image

सपा विधायक रमाकांत यादव (फोटा- RamakantYadavmp)

आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र में सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने के एक विवादित मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) के मौजूदा विधायक रमाकांत यादव को स्थानीय अदालत ने सोमवार को एक वर्ष के सश्रम कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है। यह फैसला विशेष सांसद-विधायक अदालत के न्यायाधीश अनुपम कुमार त्रिपाठी ने सुनवाई पूरी करने के बाद दिया।

फूलपुर पवई सीट से विधायक हैं रमाकांत यादव

अभियोजन अधिकारी विपिन चंद्र भास्कर ने बताया कि विशेष सांसद—विधायक अदालत के न्यायाधीश अनुपम कुमार त्रिपाठी ने सुनवाई पूरी करने के बाद आजमगढ़ की फूलपुर पवई सीट से वर्तमान विधायक रमाकांत यादव को एक वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनायी और कुल 3800 रुपये का जुर्माना भी लगाया।

2006 का है मामला

अभियोजन अधिकारी विपिन चंद्र भास्कर के अनुसार, यह मामला 6 अप्रैल 2006 का है जब सुबह करीब सात बजे विधायक रमाकांत यादव अपने लगभग 250 समर्थकों के साथ दीदारगंज थाना पहुंचे। वहां उन्होंने थाना प्रभारी मधुप कुमार सिंह पर अपने एक समर्थक को छोड़ने का दबाव बनाया। जब थानाध्यक्ष ने यादव की बात नहीं मानी, तो विधायक और उनके समर्थकों ने दीदारगंज-खेतासराय मार्ग पर सड़क जाम कर दी, जिससे सरकारी कार्यों में बाधा उत्पन्न हुई।

दो अन्य आरोपियों की मौत

इस मामले में पुलिस ने विस्तृत जांच के बाद विधायक रमाकांत यादव सहित तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र अदालत में प्रस्तुत किया था। अभियोजन पक्ष ने कुल छह गवाहों को पेश किया, जिनके साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने फैसला सुनाया। इस मुकदमे की कार्यवाही के दौरान दो अन्य आरोपियों की मृत्यु हो गई।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article