क्राइम

'आजादी' पाने के लिए खौफनाक साजिश! बालिका गृह बंद कराने की कोशिश में दो नाबालिग लड़कियों ने रचा मर्डर प्लान

मथुरा के वृंदावन स्थित राजकीय बालिका गृह में 14 वर्षीय किशोरी की मौत के मामले ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पोस्टमार्टम में डूबने से मौत की पुष्टि के बाद पुलिस जांच में दो नाबालिग लड़कियों के हत्या में शामिल होने का खुलासा हुआ।

Image

मथुरा में घर लौटने की चाह में खौफनाक कदम!

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में स्थित राजकीय बालिका गृह में एक लड़की की हत्या के मामले में नाबालिग लड़कियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए कहा है कि उन्हें निगरानी में रहना अच्छा नहीं लग रहा था, इसलिए वे कुछ ऐसा करना चाहती थीं जिससे बालिका गृह बंद करके सभी लड़कियों को उनके घर वापस भेज दिया जाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित राजकीय बालिका गृह के बाथरूम से शुक्रवार को 14 वर्षीय लड़की का शव बरामद किया गया था। उन्होंने बताया कि शुरू में लगा कि उसकी मौत प्राकृतिक कारणों से हुई है लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई।

पुलिस को गुमराह करती रहीं लड़कियां

जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया और राजकीय बालिका गृह के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराई तो बाथरूम के बाहर लगे कैमरे की फुटेज से पता चला कि शुक्रवार को 11 बजे पांच नंबर कमरे में रहने वाली तीन किशोरियां एक साथ नहाने गई थीं और करीब 40 मिनट बाद उनमें से दो तो नहाकर बाहर आ गईं, लेकिन तीसरी वहीं रह गई। बालिका गृह की अधीक्षक प्रगति खरे ने बताया कि खुलासा होने के बाद जब दोनों संदिग्ध लड़कियों से पूछताछ की गई तो पहले तो वे पुलिस को गुमराह करती रहीं, लेकिन सीसीटीवी फुटेज दिखाने पर उन्होंने हत्या का अपराध स्वीकार कर लिया।

जब तक नहीं हुई मौत तब तक किया यह काम

पुलिस के अनुसार आरोपी लड़कियों का कहना है कि उन्हें बालिका गृह में रहना अच्छा नहीं लग रहा था, इसलिए वे कुछ ऐसा करना चाहती थीं कि जिससे बालिका गृह बंद करके सभी लड़कियों को उनके घर वापस भेज दिया जाए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक लड़कियों ने बताया कि उन्होंने 14 वर्षीय लड़की का सिर पानी की बाल्टी में डालकर तब तक डुबोए रखा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। उन्होंने बताया कि इस पर बालिका गृह की अधीक्षक प्रगति खरे की तहरीर पर सदर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उपाधीक्षक सदर वरुण मिश्रा ने बताया है कि आरोपियों के बयान परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से मेल खाने के बाद तीन नाबालिग लड़कियों समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू की गई है।

पूरे मामले की न्यायिक जांच की मांग

दूसरी ओर, जिलाधिकारी ने जिला न्यायाधीश को पत्र भेजकर पूरे मामले की न्यायिक जांच का अनुरोध किया है। सूत्रों के मुताबिक आरोपी लड़कियों की उम्र 14 और 15 साल है। पुलिस ने बताया कि वे अपने पुरुष मित्रों के साथ घर छोड़कर चली गई थीं, जिसके बाद उन्हें बरामद करके यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत दर्ज मामले के सिलसिले में मथुरा भेजा गया था। दोनों अलीगढ़ और पीलीभीत की रहने वाली थीं। पुलिस के अनुसार मृतक बरेली की रहने वाली थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसके जन्म के कुछ ही दिन बाद उसके पिता का देहांत हो गया था और मां के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के बाद उसे मथुरा के बालिका गृह भेज दिया गया था। सूत्रों ने बताया कि बाद में उसकी मां का भी देहांत हो गया था। पुलिस ने शनिवार शाम को लड़की का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article