क्राइम

मेरी पत्नी को वापस ला दो...तांत्रिक के रास्ते चल पड़ा पति, दोस्त का सिर काटकर घर में दिया गाड़

Bolangir News: ओडिशा के बोलांगीर जिले में एक व्यक्ति ने अपनी अलग हो चुकी पत्नी को वापस पाने के लिए तंत्र-मंत्र के तहत कथित तौर पर पड़ोसी गांव के एक निवासी का सिर काटकर उसे अपने पूजा-घर में दफना दिया।

Image

ओडिशा में पत्नी के लिए मर्डर

Bolangir News: ओडिशा के बोलांगीर जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर आ रही है। यहां एक शख्स ने पत्नी को वापस पाने के लिए अपने ही एक दोस्त का सिर काटकर बलि चढ़ा दिया। इस मामले में शख्स की जब सिर कटी लाश मिली, तब जाकर इस मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है।

पानी की टंकी में मिला युवक का सिर

दरअसल बलांगीर जिले के देवगांव थाना क्षेत्र में एक पानी की टंकी में युवक का सिर कटा शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना गुरुवार सुबह उस वक्त मिली, जब कुछ चरवाहों ने बगड़ा हाईस्कूल के पास स्थित पानी की टंकी में एक सिर कटा शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही देवगांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस जांच में मृतक की पहचान तुषुरा थाना क्षेत्र के टेबड़ामुंडा गांव निवासी संतोष खरसेल के रूप में हुई। परिजनों ने शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने बगड़ा गांव के शत्रुघ्न साहू और गणेशर साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

तंत्र-मंत्र के लिए हत्या

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने संतोष की हत्या करने की बात कथित तौर पर स्वीकार की। इसके बाद शत्रुघ्न साहू की निशानदेही पर उसके घर से मृतक का कटा हुआ सिर बरामद किया गया। पुलिस को आरोपी के घर से बेलपत्र, चावल, तांबे का नाग और देवी-देवताओं से जुड़ी कुछ पूजा सामग्री भी मिली है। पूजा कक्ष से सिर बरामद होने के बाद पुलिस अब मामले में बलि के एंगल की भी जांच कर रही है।

18 अगस्त से लापता था शख्स

बताया गया है कि संतोष खरसेल 18 अगस्त से लापता था। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला था। बलांगीर के पुलिस अधीक्षक अभिलाष जी के मुताबिक, शत्रुघ्न साहू ने कथित तौर पर 18 अगस्त को संतोष खरसेल को खाना खिलाने के बहाने अपने घर बुलाया था। पुलिस को आशंका है कि संतोष के सो जाने के बाद उस पर जानलेवा हमला किया गया और बाद में उसका सिर काट दिया गया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में आशंका थी कि आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए सिर को कहीं फेंक दिया होगा। लेकिन पूजा कक्ष से सिर बरामद होने के बाद जांच में नया एंगल सामने आया।

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

साहू को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध कबूल कर लिया, लेकिन दावा किया कि हत्या शराब पीने के बाद हुई तीखी बहस का नतीजा थी। इसके बाद की पूछताछ में साहू ने स्वीकार किया कि उसने यह वारदात करीब तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई अपनी पत्नी को वापस पाने के इरादे से की थी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article