क्राइम

बाहर कम्प्यूटर क्लास, अंदर सेक्स रैकेट! मेरठ में जब छापा मारने पहुंची पुलिस भागने लगे लड़के-लड़कियां

मेरठ शहर के नौचंदी थाना क्षेत्र में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। यह रैकेट कंप्यूटर सेंटर की आड़ में चलाया जा रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा और कई युवतियों एवं युवकों को रंगे हाथों पकड़ा है।

Image

मेरठ में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ (AI फोटो- Socio Pulse)

उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया है, जो कथित रूप से एक कंप्यूटर सेंटर की आड़ में चलाया जा रहा था। यह चौंकाने वाला मामला नौचंदी थाना क्षेत्र के सम्राट हेवन्स के सामने स्थित एक कथित कंप्यूटर प्रशिक्षण संस्थान से जुड़ा है, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारा और कई युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया।

कंप्यूटर सेंटर नहीं, स्पा सेंटर निकला

छापेमारी का नेतृत्व सिविल लाइन क्षेत्राधिकारी (सीओ) अभिषेक तिवारी ने किया। उनके साथ नौचंदी, मेडिकल और सिविल लाइन थानों की टीमें भी मौजूद थीं। जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो यह पाया गया कि जिस स्थान को कंप्यूटर क्लासेस के नाम पर प्रचारित किया जा रहा था, वहां वास्तव में एक स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा था, जहां सेक्स रैकेट सक्रिय था। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद युवक-युवतियों में अफरातफरी मच गई। कई लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस ने सभी को मौके पर ही दबोच लिया।

सीओ ने की पुष्टि

सीओ अभिषेक तिवारी ने मीडिया को बताया, "विभिन्न माध्यमों से हमें सूचना मिली थी कि इस कंप्यूटर सेंटर की आड़ में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए हमने टीम के साथ छापेमारी की और सारी बातें सही पाई गईं।" छापे के दौरान पुलिस को मौके पर 8 युवतियां, एक रिसेप्शनिस्ट, और रैकेट का मुख्य संचालक राजवीर समेत तीन अन्य पुरुष मिले, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है।

हो सकते हैं और खुलासे

फिलहाल सभी आरोपियों को थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि लड़कियों को दूर-दूर से बुलाया जाता था और यहां अय्याशी के लिए ग्राहकों की व्यवस्था की जाती थी। संचालक ग्राहकों से पैसे वसूलता था, जिनमें से एक हिस्सा लड़कियों को भी दिया जाता था।

समाज को शर्मसार करने वाला मामला

यह मामला न सिर्फ कानून और व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है, बल्कि सामाजिक दृष्टिकोण से भी गंभीर है। कंप्यूटर शिक्षा जैसे क्षेत्र की आड़ में इस तरह के अनैतिक धंधे का संचालन न केवल युवाओं को भ्रमित करता है, बल्कि पूरे समाज को भी कलंकित करता है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article