Delhi Software Engineer Murder: दिल्ली के निहाल विहार के लक्ष्मी पार्क इलाके में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता की कथित तौर पर उनके ससुराल पक्ष के लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि यह महज अचानक हुआ विवाद नहीं था, बल्कि विनय की हत्या की पहले से योजना बनाई गई थी। मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कहां से शुरू हुई वारदात?
विनय के पिता प्रेमचंद और उनकी मां ने कथित हमले की पूरी घटना अपनी आंखों के सामने देखी। परिवार के मुताबिक, शुक्रवार सुबह विनय और उसकी पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। इसके बाद पत्नी अपने दोनों छोटे बच्चों को घर पर छोड़कर चली गई और अपने भाइयों को वहां बुला लिया।
विनय के घर पहुंचते ही हुआ उसपर हमला
पिता प्रेमचंद ने बताया कि उन्हें लगा कि परिवार के लोग बातचीत करने के लिए आए हैं। उन्होंने सभी को ऊपर बैठाया और पानी भी दिया। लेकिन जैसे ही विनय घर पहुंचा, आरोप है कि उसके ससुराल पक्ष के लोग उस पर हमला करने लगे। प्रेमचंद के मुताबिक, बीच-बचाव करने पर उन्हें भी धक्का दिया गया, जिससे उनके अंगूठे में फ्रैक्चर हो गया।
बाल खींचे, गला दबाया और छाती पर चढ़कर मारा
मृतक की मां के अनुसार, घर पहुंचे लोगों ने पानी पीने से इनकार करते हुए तुरंत विनय को पकड़ लिया। आरोप है कि उसके बड़े साले ने उसके बाल खींचे, जबकि छोटे साले ने उसका गला दबाकर उसे जमीन पर गिरा दिया। परिजनों ने घटना को बेहद क्रूर बताते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। मां का दावा है कि एक पड़ोसी ने खिड़की से देखा कि विनय की पत्नी के दोनों भाई उसकी छाती पर चढ़कर कूद कर रहे थे। परिवार के मुताबिक, इस हमले में विनय के फेफड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचा। बेटे को बचाने के लिए जब मां ने डंडा उठाया, तो आरोप है कि हमलावरों के साथ आए एक व्यक्ति ने उनसे डंडा छीन लिया।
शायद बच सकती थी विनय की जान
मृतक के भाई प्रदीप के मुताबिक, विनय स्वभाव से बेहद शांत और सरल व्यक्ति था। उन्होंने कहा कि जिस तरह से उस पर हमला किया गया, उसकी क्रूरता की कल्पना करना भी मुश्किल है। परिवार का दावा है कि अगर विनय को समय रहते, करीब आधा घंटा पहले अस्पताल पहुंचा दिया जाता, तो संभव है कि उसकी जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने पूरी घटना को पूर्व नियोजित साजिश बताया है। विनय की मां का आरोप है कि जिस समय यह वारदात हुई, उसी दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी अचानक बंद हो गए थे। उनका दावा है कि ससुराल पक्ष के लोग मामूली घरेलू विवाद को सुलझाने के लिए नहीं, बल्कि पहले से तैयारी करके विनय की हत्या के इरादे से घर पहुंचे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए उपलब्ध सबूतों की जांच की जा रही है।
