क्राइम

आपका चार्जर भी तो कहीं डुप्लीकेट नहीं? दिल्ली में OPPO-OnePlus और Realme की फर्जी फैक्ट्री का भंडाफोड़

दिल्ली पुलिस ने राजधानी में एक बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ करते हुए करोल बाग और मोती नगर में भारी मात्रा में OPPO, OnePlus और Realme ब्रांड के नकली उत्पाद बरामद किए हैं।

Image

दिल्ली पुलिस

दिल्ली पुलिस को नकली मोबाइल एक्सेसरीज फैक्ट्री के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस ने करोल बाग और मोती नगर इलाकों में छापेमारी कर नामी मोबाइल कंपनी OPPO, OnePlus और Realme के नाम पर चल रही फर्जी मोबाइल एक्सेसरीज फैक्ट्री को सील किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस को न सिर्फ भारी मात्रा में नकली उत्पाद भी बरामद किए, बल्कि दो गोदामों और एक फैक्ट्री को भी सील कर दिया है।

करोल बाग के रेघरपुरा में स्थित दो गोदामों को सील कर दिया गया, जहां इन नकली उत्पादों की पैकेजिंग और ब्रांडिंग की जा रही थी। दिल्ली के मोती नगर में स्थित एक फैक्ट्री को भी सील कर दिया गया, जहां इन कंपनियों के उत्पादों के पैकेजिंग बॉक्स बनाए जाते थे। इस अवैध काम में इस्तेमाल होने वाली आठ मशीनों को जब्त कर लिया गया। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया, जो बड़े पैमाने पर नकली उत्पादों की पैकेजिंग करके उन्हें जाने-माने ब्रांडों के नाम पर बाज़ार में बेच रहे थे।

मोती नगर में छप रहे थे 'असली' दिखने वाले डिब्बे

इस गिरोह का नेटवर्क सिर्फ पैकेजिंग तक ही सीमित नहीं था। पुलिस ने मोती नगर में एक ऐसी फैक्ट्री का भी पर्दाफाश किया, जहां इन कंपनियों के उत्पादों के लिए हूबहू असली दिखने वाले पैकेजिंग बॉक्स (डिब्बे) तैयार किए जा रहे थे। जांच में पता चला कि यहाँ एक पूरी प्रिंटिंग प्रेस चल रही थी, जिसे अब सील कर दिया गया है।

8 मशीनें जब्त और 2 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस पूरी अवैध गतिविधि में इस्तेमाल होने वाली 8 अत्याधुनिक मशीनों को जब्त किया है। ये मशीनें प्रिंटिंग, ब्रांडिंग और पैकेजिंग के लिए उपयोग की जा रही थीं। इस मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी बड़े पैमाने पर इन नकली उत्पादों को असली बताकर बाजार में बेच रहे थे, जिससे न केवल कंपनियों को वित्तीय नुकसान हो रहा था, बल्कि ग्राहकों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा था।

मोबाइल ग्राहकों के लिए बड़ा खतरा

बाजार में मिलने वाली ये नकली मोबाइल एक्सेसरीज (जैसे चार्जर, ईयरफोन और बैटरी) अक्सर घटिया क्वालिटी की होती हैं। असली ब्रांड के नाम पर बिकने वाले ये उत्पाद न केवल जल्दी खराब हो जाते हैं, बल्कि इनमें विस्फोट या शॉर्ट-सर्किट का भी खतरा रहता है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके सप्लाई नेटवर्क की तलाश के लिए आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये नकली उत्पाद दिल्ली के बाहर किन-किन राज्यों में सप्लाई किए जा रहे थे।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article