क्राइम

घर में ही छापने लगा नकली नोट..., नशे का आदी आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे; पूछताछ में किए चौंकाने वाले खुलासे

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस ने नकली नोटों के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 6.5 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं।

Image

पुलिस के हत्थे चढ़ा नकली नोट छापने वाला व्यक्ति (फोटो साभार: कांकेर पुलिस फेसबुक)

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने नकली नोटों के नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से करीब 6.5 लाख रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक ने कर्ज चुकाने के लिए घर में ही नकली नोट छापने का काम शुरू किया था।

क्या है पूरा मामला?

पूरा मामला कांकेर कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस को खबर मिली थी कि नए बस स्टैंड में एक युवक संदिग्ध हालत में घूम रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।

तलाशी के दौरान युवक के बैग से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। जब पुलिस ने नोटों की जांच की तो पता चला कि सभी नोट नकली हैं। इसके बाद आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने कई चौंकाने वाले खुलासे किए।

नशे का आदी है आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उस पर भारी कर्ज था और वह नशे का आदी भी है। आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने अपने घर में प्रिंटर और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था की और नकली नोट छापना शुरू कर दिया। आरोपी बस स्टैंड इलाके में इन नकली नोटों को बाजार में खपाने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बता दें कि पुलिस इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है और हर एक संभावित एंगल को खंगाल रही है।

हर एंगल से जांच कर रही पुलिस

कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच जारी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि अब तक कितने नकली नोट बाजार में खपाए जा चुके हैं और इस नेटवर्क से कौन-कौन जुड़ा है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article