ये बिहार है बाबू...यहां रेलवे के इंजन से लेकर पुल तक सुरक्षित नहीं है। नीतीश सरकार सुशासन का ढोल जितनी मर्जी उतना पीट ले, लेकिन हाल ये है कि यहां चोर कभी पुल चुराकर भाग जाते हैं तो कभी रेलवे के इंजन। इसी तरह का एक मामला बिहार के बेगुसराय जिले में सामने आया है। जहां चोरों से यार्ड में खड़े एक इंजन को ही चुराकर बेच डाला।
कैसे खुला मामला
पुलिस ने हाल ही में मुजफ्फरपुर में कबाड़ के एक गोदाम पर छापा मारा जहां से रेल इंजन के 13 बोरे पुर्जे बरामद किए गए। हिरासत में लिए गए तीन लोगों से पूछताछ के बाद मिली जानकारी के आधार पर आगे छापेमारी की गयी और मामले का खुलासा हुआ।
सुरंग खोद चोरी
बेगुसराय जिले के बरौनी स्थित गरहरा यार्ड में मरम्मत के लिए एक डीजल इंजन लाया गया था। यार्ड में इंजन को खड़ा कर दिया गया था, चोरों की इस पर नजर पड़ी और उन्होंने इसे चुराने का प्लान तैयार कर लिया। पहले एक सुरंग खोदी गई, उसी के रास्ते चोर यार्ड में पहुंचते और फिर इंजन के पुर्जे खोल-खोलकर ले जाते। इस तरह से उन्होंने इंजन को कबाड में चुरा-चुराकर बेच दिया।
पुल भी हो रहा गायब
ऐसा नहीं है कि सिर्फ इंजन ही चोरी हो रहे हैं, बिहार में एक पुल पर भी चोरों की नजर है और वहां भी चोरों ने धावा बोल दिया है। हालांकि इस मामले में चोर ज्यादा सफल नहीं हो पाए और पुलिस ने वहां पहरेदारी लगा दी है। मामला बिहार के अररिया जिले का है। जहां सीताधार नदी पर बने पुल को चोरों ने धीरे-धीरे गायब करना शुरू कर दिया था। जिसके बाद पुलिस को जब इसकी जानकारी हुई तो एक कांस्टेबल की ड्यूटी लगा दी गई।
