क्राइम

Baba Siddiqui Murder: बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में अनमोल बिश्नोई समेत दो अन्य के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी

मुंबई की एक विशेष अदालत ने NCP नेता बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई और दो अन्य आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है

Image

बाबा सिद्दीकी (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Baba Siddiqui murder: मुंबई की एक विशेष अदालत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में वांछित गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई और दो अन्य आरोपियों के खिलाफ बुधवार को गैर जमानती वारंट जारी किया। महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम के तहत दर्ज मामलों के विशेष न्यायाधीश बी. डी. शेलके ने अपने आदेश में कहा कि अदालत का मानना है कि 'वांछित आरोपी बिश्नोई फरार हो गया है या वह समन का पालन नहीं करेगा।'

न्यायाधीश ने कहा कि इसलिए उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करना आवश्यक है।अदालत ने हत्या में शामिल फरार आरोपी शुभम लोनकर और मोहम्मद यासीन अख्तर के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करते हुए भी इसी तरह की टिप्पणियां कीं।

न्यायाधीश ने कहा कि अदालत ने अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास के बाहर अप्रैल 2024 में हुई गोलीबारी से संबंधित मामले में अनमोल बिश्नोई को अमेरिका में सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रत्यर्पित करने के लिए पहले ही अनुरोध जारी कर दिया है।

पुलिस ने महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सिद्दीकी की 12 अक्टूबर को हुई हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किए गए 26 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है।अनमोल बिश्नोई, लोनकर और अख्तर को मामले में वांछित आरोपी बताया गया है। ऐसा संदेह है कि अनमोल बिश्नोई अमेरिका या कनाडा में है।

मुंबई के बांद्रा (पूर्व) इलाके में सिद्दीकी के बेटे और पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों ने 12 अक्टूबर 2024 की रात को सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर मकोका के तहत मामला दर्ज किया गया है और वे फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article