क्राइम

Bihar Crime News: बिहार के सासाराम में डबल मर्डर, छत पर सो रहे महिला-पुरुष अपराधियों ने बरसाई गोलियां

Bihar Crime News: बिहार के रोहतास जिले में एक महिला और पुरुष की हत्या से सनसनी फैल गई है। सासाराम में हुए इस डबल मर्डर में कहा जा रहा है कि दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे।

Image

बिहार के रोहतास में डबल मर्डर

Bihar Crime News: बिहार के रोहतास जिले में रविवार की देर रात अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए घर की छत पर सो रहे दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। एक ही जगह दो लोगों की हत्या की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा-बनरसिया गांव की है। घटना रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय मणिभूषण कुमार और 40 वर्षीय ननकी देवी के रूप में हुई है। दोनों की हत्या किस वजह से की गई, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

छत पर सो रहे थे दोनों, अचानक चली गोलियां

जानकारी के अनुसार, मणिभूषण कुमार और ननकी देवी रात में घर की छत पर सो रहे थे। इसी दौरान अपराधी घर की छत पर पहुंचे और दोनों को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज से घर में सो रहे ननकी देवी के पुत्र अभिषेक कुमार की नींद खुल गई। अभिषेक के अनुसार, रात करीब तीन बजे अचानक छत से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह कमरे से बाहर निकला तो कुछ लोगों को अंधेरे में छत से नीचे उतरते हुए देखा। इसके बाद अपराधी दरवाजा खोलकर वहां से फरार हो गए। अभिषेक जब छत पर पहुंचा तो वहां अपनी मां ननकी देवी और मणिभूषण कुमार को मृत अवस्था में पाया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

गोली की आवाज से गांव में मची अफरा-तफरी

रात के सन्नाटे में गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी जाग गए। दो लोगों की हत्या की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया और हत्या से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने की कार्रवाई की। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

हत्या की वजह तलाश रही पुलिस

मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। एक ही स्थान पर दो लोगों की हत्या होने के कारण पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। हत्या के पीछे आपसी विवाद, पुरानी रंजिश या अन्य किसी कारण की आशंका को लेकर भी छानबीन की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने अपराधी शामिल थे और वे किस रास्ते से घटनास्थल तक पहुंचे तथा घटना को अंजाम देने के बाद किस दिशा में फरार हुए। मृतकों के परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही डबल मर्डर की असली वजह और वारदात में शामिल अपराधियों के बारे में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article