क्राइम

दिल्ली बस यौन हिंसा केस में बड़ा सबूत, फिंगरप्रिंट से आरोपियों की मौजूदगी की पुष्टि, 16 साल की लड़की है पीड़ित

4 अगस्त की रात 16 साल की एक नाबालिग लड़की एक स्लीपर बस में गैंगरेप का शिकार हुई। पुलिस के मुताबिक, लड़की को नोएडा सेक्टर-63 पहुंचाने का भरोसा देकर बस में बैठाया गया

Image

दिल्ली बस यौन हिंसा केस में नया अपडेट

दिल्ली के कश्मीरी गेट बस गैंगरेप केस में पुलिस को अहम फॉरेंसिक सबूत मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और दोनों आरोपियों के फिंगरप्रिंट बस से मिले हैं। बस ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप के कपड़े भी पुलिस ने जब्त किए थे। सीटों और स्टीयरिंग से भी फॉरेंसिक सैंपल लिए गए हैं। अब DNA रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस बहुत जल्दी ही इस केस की चार्जशीट दायर करेगी। बता दें कि दिल्ली में 16 साल की छात्रा से चलती स्लीपर बस में गैंगरेप ने एक बार फिर बेटियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना 4 अगस्त की है, पुलिस ने 31 अगस्त को इसकी जानकारी दी। 4 अगस्त की रात 16 साल की एक नाबालिग लड़की कथित तौर पर एक स्लीपर बस में गैंगरेप का शिकार हुई। पुलिस के मुताबिक, लड़की को नोएडा सेक्टर-63 पहुंचाने का भरोसा देकर बस में बैठाया गया, लेकिन बस अपने निर्धारित रास्ते से अलग दिल्ली की तरफ चली गई। पुलिस के अनुसार, करीब 47 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद लड़की को दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में छोड़ दिया गया। इस पूरे रूट पर कई सीसीटीवी कैमरे और पुलिस की तैनाती वाले इलाके मौजूद थे, लेकिन जांच अब इस सवाल पर भी केंद्रित है कि बस इतने लंबे रास्ते तक बिना रुके कैसे आगे बढ़ती रही।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी की रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा है। वह अपने चचेरे भाई/रिश्तेदार के पास नोएडा सेक्टर-63 जाने के लिए घर से निकली थी। बारिश के बीच वह गलती से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पहुंच गई। उसे पता चला कि वह अभी अपने गंतव्य से करीब 25 किलोमीटर दूर है। इसी दौरान एक बस उसके पास रुकी। आरोप है कि बस के कंडक्टर ने लड़की से कहा कि बस नोएडा सेक्टर-63 जा रही है और उसे वहां उतार दिया जाएगा। भरोसा करके लड़की बस में बैठ गई। इसके बाद घटनाक्रम ने गंभीर मोड़ ले लिया।

मरम्मत के लिए भेजी गई थी बस

जांच में सामने आया कि जिस बस में घटना हुई, वह उस रात नियमित यात्री सेवा में नहीं थी। ट्रैवल कंपनी के मुताबिक बस में तकनीकी खराबी के बाद उसे ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित वर्कशॉप में मरम्मत के लिए भेजा गया था। पुलिस के अनुसार, ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप ने करीब शाम 5 बजे बस को वर्कशॉप से लिया। करीब 9 बजे बस सूरजपुर से आगे बढ़ी और परी चौक की तरफ पहुंची। इसी दौरान भारी बारिश के बीच लड़की परी चौक पर मौजूद थी और अपने रिश्तेदार के घर पहुंचने के लिए वाहन तलाश रही थी।

पुलिस के मुताबिक, बस परी चौक के पास रुकी। कंडक्टर ने कथित तौर पर लड़की को बताया कि बस सेक्टर-63 जा रही है। लड़की ने इस भरोसे पर बस में प्रवेश किया। लेकिन आरोप है कि बस सेक्टर-63 जाने के बजाय दिल्ली की तरफ बढ़ने लगी। पुलिस के मुताबिक, लड़की ने कहा कि सफर के दौरान कंडक्टर ने उसके साथ अनुचित हरकत की और बाद में ड्राइवर और कंडक्टर दोनों ने उसके साथ यौन हिंसा की। पुलिस के अनुसार, लड़की ने विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। बस लगातार आगे बढ़ती रही।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article