Jaipur: शादी वाले परिवार का सदस्य बन होटल में घुसा, नकदी और दो करोड़ के जेवरात चोरी कर फरार हुआ

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 26, 2021, 11:46 PM IST

Jaipur Hotel theft: राजस्थान के जयपुर के एक पांच सितारा होटल से चोर ने करीब दो करोड़ रुपए के जेवरात एवं 95 हजार रुपए नकद चुरा लिया।

Jaipur: शादी वाले परिवार का सदस्य बन होटल में घुसा, नकदी और दो करोड़ के जेवरात चोरी कर फरार हुआ

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक 5 सितारा होटल की सुरक्षा में सेंध लगाते हुए एक चोर ने फिल्मी अंदाज में शादी में से नकदी और दो करोड़ रुपए का अन्य कीमती सामान चुरा लिया। घटना जयपुर के होटल क्लार्क्स की है। मुंबई से एक परिवार जयपुर के आमेर होटल में शादी करने आया था। 

पुलिस ने कहा कि आरोपी हीरे का सेट और 95,000 रुपए नकद लेकर फरार हो गया। हीरा कारोबारी का परिवार डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए जयपुर आया था। राहुल भाटिया नाम के शख्स के परिवार ने अब जवाहर सर्कल थाने में मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि होटल स्टाफ की लापरवाही के कारण बड़ी चोरी हुई है। होटल के कर्मचारियों ने कथित तौर पर कमरे की चाबी और लॉकर चोर को सौंप दिया था। 

चोर ने कथित तौर पर शादी वाले परिवार के सदस्य के रूप में होटल के कर्मचारियों को धोखा दिया। बताया जा रहा है कि करीब दो करोड़ रुपए की कीमत का हीरा सेट लेकर चोर फरार हो गया। आरोपी होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। जवाहर सर्कल थाने के एसएचओ राधा रमन ने कहा कि महाराष्ट्र से एक परिवार बेटी की डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए जयपुर आया था। परिवार ने जेएलएन रोड स्थित क्लार्क्स होटल में 45 कमरे बुक किए थे। गुरुवार की सुबह चेक-इन करने के बाद परिवार सिरसी रोड स्थित एक बगीचे में संगीत समारोह के लिए निकला था। इसी दौरान आरोपी होटल पहुंचा और कमरे की चाबियां लेकर वारदात को अंजाम दिया। 

End of Article