क्राइम

चेहरे पर केक और मौत का खूनी खेल! जम्मू में बर्थडे बॉय ने ही दोस्त को मार डाला

Jammu Crime News: जम्मू के जानीपुर में जन्मदिन पार्टी के दौरान चेहरे पर केक लगाने के मामूली विवाद में 'बर्थडे बॉय' ने अपने दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

जम्मू में बर्थडे के चेहरे पर केक लगाने के कारण हत्या

Jammu Crime News: जम्मू के जानीपुर इलाके में गुरुवार देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। सड़क किनारे कार खड़ी कर चल रहा जन्मदिन का जश्न उस वक्त खूनी संघर्ष में बदल गया, जब चेहरे पर केक लगाने को लेकर हुए मामूली विवाद में 'बर्थडे बॉय' ने अपने ही दोस्त की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

सड़क किनारे कार में मना रहे थे जन्मदिन

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नार्दनी (दोमाना) निवासी नीरज उर्फ अंशु का जन्मदिन था। नीरज अपने तीन दोस्तों-पवन कुमार उर्फ समीर (36) निवासी सांबा और दो अन्य साथियों के साथ कार में सवार होकर देर रात जानीपुर के लोअर रूपनगर क्षेत्र में पहुंचा था। चारों दोस्त सड़क किनारे कार खड़ी कर केक काट रहे थे।

चेहरे पर केक लगाने के मजाक ने लिया खूनी मोड़

मृतक के परिजनों और एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, पार्टी के दौरान नीरज के चेहरे पर केक लगाने को लेकर दोस्तों के बीच हंसी-मजाक चल रहा था।इसी दौरान पवन और नीरज के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। गुस्से में आकर आरोपी नीरज ने पवन कुमार पर तेजधार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पवन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल पवन को तुरंत जम्मू के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी नीरज, अपने भाई रिशु और साथियों के साथ हथियार समेत मौके से फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की और 24 घंटे के भीतर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नीरज उर्फ अंशु और उसके भाई रिशु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article