कैंची से गोदकर पहले पत्नी की हत्या की फिर शव के पास बैठकर खेलने लगा वीडियो गेम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 8, 2020, 12:42 PM IST

हत्या की यह वारदात जोधपुर के बीजेएस कॉलोनी की है। पुलिस के मुताबिक पति और पत्नी के बीच रविवार की रात तीखी बहस हुई थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

कैंची से गोदकर पहले पत्नी की हत्या की फिर शव के पास बैठकर खेलने लगा वीडियो गेम
Photo Credit: PTI

जोधपुर : जोधपुर में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी की कैची से गोदकर निर्दयता पूर्वक हत्या कर दी। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी व्यक्ति ने इसकी सूचना पुलिस और ससुराल वालों को दी। हत्या की यह वारदात जोधपुर के बीजेएस कॉलोनी की है। पुलिस के मुताबिक पति और पत्नी के बीच रविवार की रात तीखी बहस हुई थी। झगड़े के बाद आवेश में आए विक्रम सिंह (35) ने अपनी पत्नी शिव कंवर (30) की हत्या कर दी।  

हत्या करने के बाद मोबाइल पर गेम खेल रहा था आरोपी
घटनास्थल पर जब पुलिस पहुंची तो उसने पाया कि विक्रम अपने मोबाइल पर वीडियो गेम खेल रहा था जबकि उसकी पत्नी कमरे में खून से लथपथ पड़ी हुई थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी कैलाशदान ने बताया कि महिला को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि विक्रम बेरोजगार था और इसे लेकर पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा हुआ करता था। 

बेरोजगार था आरोपी, पत्नी सिलाई का काम करती थी
उन्होंने कहा, 'आरोप कोई काम नहीं कर रहा था जबकि उसकी पत्नी घर पर सिलाई का काम करती थी। झगड़े वाले दिन विक्रम ने कैंची से अपनी पत्नी को गोदकर हत्या कर दी।' पुलिस का कहना है कि पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची तो उसके चेहरे पर पछतावे का कोई भाव नहीं था और वह अपने मोबाइल फोन पर वीडियो गेम खेल रहा था। विक्रम के दो बच्चे हैं और जब घटना हुई तो वे घर पर मौजूद नहीं थे।

End of Article