देश

'PM मोदी भी यही चाहते हैं कि...' तुकाराम मुंढे को मिला चिराग पासवान का साथ; मिलावटखोरों के खिलाफ क्या होगा एक्शन?

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का समर्थन किया है। उन्होंने महाराष्ट्र FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे की कार्रवाई की सराहना करते हुए मिलावटखोरों के लाइसेंस निलंबित करने की पैरवी की। एफडीए के अभियान में 12.10 लाख रुपये का प्रतिबंधित गुटखा जब्त हुआ और 14 होटल-रेस्तरां के लाइसेंस सस्पेंड किए गए।

Image

चिराग पासवान ने दिया सख्त कार्रवाई का संकेत। PTI

Photo : PTI

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का समर्थन किया है। महाराष्ट्र के ठाणे में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राज्य के खाद्य एवं औषधि प्रशासन आयुक्त तुकाराम मुंढे की ओर से मिलावटखोरों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की सराहना की।

चिराग पासवान ठाणे के नियोजन भवन में आयोजित 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।

मीडिया से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुसार खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल कार्रवाई करने तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जरूरत पड़ने पर मिलावट करने वालों के लाइसेंस भी निलंबित किए जाने चाहिए।

मिलावटखोरों के लाइसेंस निलंबित करने की पैरवी

केंद्रीय मंत्री ने सुझाव दिया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ FSSAI और खाद्य प्रसंस्करण विभाग के माध्यम से उनके लाइसेंस भी निलंबित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े इस मुद्दे पर किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। चिराग पासवान ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर कार्रवाई जरूरी है और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी निर्देश है।

बता दें कि महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लोगों की सेहत को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ा अभियान चलाया है। IAS अधिकारी और FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे की अगुवाई में राज्यभर में की गई कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित गुटखे का बड़ा जखीरा जब्त किया गया है। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले 14 होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं।

12.10 लाख रुपये का गुटखा जब्त

एफडीए के विशेष अभियान के दौरान नागपुर मंडल में प्रतिबंधित गुटखे का करीब 12.10 लाख रुपये का स्टॉक जब्त किया गया। कार्रवाई के दौरान दो वाहन भी जब्त किए गए और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। एफडीए ने राज्यभर में 27 होटल, रेस्तरां, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 14 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए, जबकि 13 प्रतिष्ठानों को सुधार संबंधी नोटिस जारी किए गए।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article