देश

बंगाल उपचुनाव: नंदीग्राम-रेजिनगर सीट के लिए BJP ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, CM सुभेंदु-मिथुन समेत ये नेता करेंगे प्रचार

यह पूछे जाने पर कि क्या ममता नंदीग्राम में उनके समर्थन में प्रचार करेंगी, डे ने कहा कि इस संबंध में फिलहाल कोई विस्तृत चर्चा नहीं की गई है।उन्होंने कहा, 'मेरे लिए कौन प्रचार करेगा, यह मुझे नहीं पता। योजना अब बनाई जाएगी।'

Image

रेजिनगर, नंदीग्राम सीट पर छह अक्टूबर को होगा मतदान।

Bengal Bypoll: बंगाल की दो सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। पार्टी की तरफ से जारी प्रचारकों की सूची में मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे ऊपर है। प्रचारकों की सूची में अभिनेता एवं नेता मिथुन चक्रवर्ती, दिलीप घोष, सुकांता मजूमदार, लॉकेट चटर्ची, सौमित्र खान, अग्निपमित्रा पॉल, रूद्रानिल घोष और रूपा गांगुली का नाम शामिल है। इन दोनों सीटों पर वोटिंग 6 अक्टूबर को होगी और चुनाव नतीजे 9 अक्टूबर को आएंगे।

दो सीटों पर चुनाव जीते थे सुभेंदु

विधानसभा चुनाव में सुभेंदु दो सीटों नंदीग्राम और भवानीपुर से जीते हैं। अब नंदीग्राम सीट छोड़ने के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। भवानीपुर में उन्होंने टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी को हराया था। वहीं, रेजिनगर विधानसभा सीट आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के संस्थापक हुमायूं कबीर के इस्तीफे के बाद खाली हुई। कबीर ने नौदा विधानसभा सीट से भी जीत हासिल की थी।

दोनों गुटों के उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए

वहीं, नंदीग्राम और रेजिनगर सीट के लिए तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों के उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के नाम और 'जोड़ा फूल’ चुनाव चिह्न के साथ पर्चा भरा। नंदीग्राम से ममता खेमे की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने हल्दिया अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान तृणमूल के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता अखिल गिरि भी उनके साथ मौजूद थे। डे ने कहा, 'मुझे तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर नामांकन पत्र दाखिल करने की अनुमति दी गई है, जिस पर ममता बनर्जी के हस्ताक्षर हैं। मैंने उसी के अनुसार अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। मैं पार्टी के निर्देश के अनुसार चुनाव प्रचार करूंगी।'

चंद्रनाथ रथ की मां को उम्मीदवार बनाया

यह पूछे जाने पर कि क्या ममता नंदीग्राम में उनके समर्थन में प्रचार करेंगी, डे ने कहा कि इस संबंध में फिलहाल कोई विस्तृत चर्चा नहीं की गई है।

उन्होंने कहा, 'मेरे लिए कौन प्रचार करेगा, यह मुझे नहीं पता। योजना अब बनाई जाएगी।' भाजपा ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी रहे चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ को नंदीग्राम से अपना उम्मीदवार बनाया है। चंद्रनाथ की इस साल पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद हत्या कर दी गई थी।

ऋतब्रत गुट ने हक को मैदान में उतारा

ऋतब्रत गुट ने नंदीग्राम में मोहम्मद एतेशामुल हक को मैदान में उतारा है, जबकि रेजीनगर में उसने सफीउज्जमान शेख को टिकट दिया है। शेख ने मुर्शिदाबाद में शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जिले के मुख्य तृणमूल कार्यालय पर ऋतब्रत गुट के समर्थकों ने कब्जा कर लिया, अपने बैनर लगाए और पूर्व मंत्री फिरहाद हाकिम समेत वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बंद दरवाजे के पीछे रणनीति बनाने के लिए बैठक की। तृणमूल के 19 सांसदों के साथ एनसीपीआई में शामिल होने वाले अबु ताहिर भी शेख की नामांकन रैली में देखे गए।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article