क्राइम

Gorakhpur Crime News: गोरखपुर में पत्रकार के भाई की नृशंस हत्या से सनसनी, पहले ही दी थी खतरे की सूचना

Gorakhpur Crime News: गोरखपुर के जयंतीपुर गांव में गुरुवार तड़के पत्रकार के भाई कार्तिकेय मिश्रा की चाकुओं से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। घटना से गांव में दहशत है, परिजनों ने त्वरित कार्रवाई की मांग की।

Image

गोरखपुर में पत्रकार के भाई की हत्या

Gorakhpur Crime News: गोरखपुर मुख्यालय से तकरीबन 50 किलोमीटर दूर बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में गुरुवार तड़के पत्रकार के भाई कार्तिकेय मिश्रा उर्फ शुभम की नृशंस हत्या से सनसनी फैल गई। घर के बाहर बरामदे में सो रहे शुभम पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। परिजनों ने पुलिस-प्रशासन से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

पहले ही दी गई थी खतरे की सूचना

मृतक के परिजनों का दावा है कि शुभम और परिवार को पहले से खतरा था और इस संबंध में कई बार एसएसपी को सूचना दी गई थी। परिवार के अनुसार मृतक के पिता और बड़े भाई को पूर्व में सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन बाद में सुरक्षा हटा ली गई। अब हत्या के बाद परिजनों ने सुरक्षा व्यवस्था हटाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए हैं।

लखनऊ में परिवार, गांव में अकेला था शुभम

बताया गया कि शुभम के पिता स्वदेश मिश्रा की किडनी खराब है और ट्रांसप्लांट के सिलसिले में पूरा परिवार इन दिनों लखनऊ में था। दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा शुभम गांव स्थित घर पर अकेला रह रहा था। बुधवार रात भोजन करने के बाद वह घर के बाहर बरामदे में सो गया था। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे अज्ञात हमलावरों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। सिर पर चाकू से कई वार किए गए। हमले में शुभम गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया।

पीएचसी पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

शुभम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना लखनऊ में मौजूद मां सुधा मिश्रा और अन्य परिजनों को दी गई। खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और स्वजन लखनऊ से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस

हत्या की सूचना मिलते ही बांसगांव पुलिस के साथ पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

गोरखपुर से रशाद लारी की रिपोर्ट

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article