क्राइम

पैरोल पर घर आया था उम्रकैद का कैदी, खाने में जहर के शक ने फिर बनाया कातिल; पत्नी पर त्रिशूल से हमला कर उतारा मौत के घाट

Mahoba News: महोबा के कुलपहाड़ क्षेत्र में पैरोल पर घर लौटे एक सजायाफ्ता व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी को शक था कि पत्नी ने उसके खाने में जहर मिला दिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।

Image

महोबा में सनसनीखेज वारदात

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से हत्या की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के रंगौलिया बुजुर्ग गांव में पैरोल पर जेल से बाहर आए एक सजायाफ्ता व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर त्रिशूल से हमला कर उसकी जान ले ली। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे संदेह था कि उसकी पत्नी ने उसके खाने में जहर मिला दिया था। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

महिला पर त्रिशूल से हमला किया

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान कल्लन रैकवार के रूप में हुई है, जबकि मृतका उसकी पत्नी चंपा थी, जिसकी उम्र करीब 48 वर्ष बताई गई है। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि रंगौलिया बुजुर्ग गांव में एक महिला पर त्रिशूल से हमला किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

खाने में जहर मिलाने का शक

महोबा की अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच और पूछताछ में कल्लन ने पत्नी की हत्या की बात स्वीकार की है। आरोपी का कहना है कि उसे आशंका थी कि उसके भोजन में जहर मिलाया गया है। इसी शक के चलते उसने पत्नी पर त्रिशूल से हमला कर दिया। पुलिस अब घटना के पीछे की परिस्थितियों और आरोपी के दावे की जांच कर रही है।

पुलिस जांच में और क्या सामने आया?

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कल्लन पहले से ही एक गंभीर आपराधिक मामले में सजा काट रहा था। उसे अपनी 10 महीने की पोती की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। वह मध्य प्रदेश की सतना जेल में बंद था और कुछ दिन पहले ही पैरोल पर बाहर आकर अपने गांव स्थित घर पहुंचा था। पत्नी की हत्या के बाद गांव में भी घटना को लेकर चर्चा है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की परिस्थितियों से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article