Ballabhgarh : कार में बैठने से मना किया तो मार दी गोली, परिवार का 'लव जिहाद' का दावा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 27, 2020, 01:49 PM IST

Haryana Crime News: पीड़ित लड़की बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा थी। वह पेपर देने के बाद स्कूल से बाहर निकली थी। तभी कार से युवक ने उसे जबरन कार में बिठाने की कोशिश की।

Ballabhgarh : कार में बैठने से मना किया तो मार दी गोली, परिवार का 'लव जिहाद' का दावा
Photo Credit: ANI

फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक 21 साल की लड़की को उसके स्कूल के बाहर कथित रूप से गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस का कहना है कि यह घटना सोमवार को बल्लभगढ़ के पास हुई। लड़की परीक्षा में सम्मिलित होने के बाद स्कूल से बाहर निकली थी तभी उसे गोली मारी गई। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक बल्लभगढ़ के एसीपी जयवीर सिंह राठी ने बताया कि आरोपी एक वाहन में सवार होकर स्कूल के पास आया था। इस युवक ने लड़की को अगवा करने की कोशिश की लेकिन  विरोध करने पर युवक ने उसे गोली मार दी। इस सिलसिले में हरियाणा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 

बल्लभगढ़ में दिनदहाड़े लड़की को अगवा किए जाने और फिर उसे गोली मारने की घटना से आक्रोश में हैं। लोगों ने मामले में कड़ी कार्रवाई करने को लेकर धरना-प्रदर्शन किया है। परिजनों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही एंकाउंटर की मांग की है। इस केस में एक आरोपी की गिरफ्तारी पहले ही की जा चुकी थी। 


रिपोर्टों के मुताबिक परिजन इसे 'लव जिहाद' का मामला बता रहे हैं। पीड़ित लड़की की मां का कहना है कि उनकी बेटी की तरह दोषियों का भी एनकाउंटर किया जाए। उन्होंने कहा, 'जब तक एनकाउंटर नहीं किया जाता, तब तक मैं अपनी बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करूंगी।' परिजनों का आरोप है कि आरोपी उनकी लड़की पर धर्म परिवर्तन कर शादी का दबाव बना रहा था।

पीड़ित लड़की बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा थी। वह पेपर देने के बाद स्कूल से बाहर निकली थी। तभी कार से युवक ने उसे जबरन कार में बिठाने की कोशिश की। मुख्य आरोपी का नाम तौफीक बताया जा रहा है। पुलिस ने तौफीक को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसका साथी फरार है। लड़की के पिता का कहना है कि उन्होंने इन युवकों के बारे में पहले भी शिकायत की थी लेकिन अब इन्होंने उनकी बेटी की हत्या कर दी।
  
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जख्मी हालत में लड़की को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी मेवात का रहने वाला है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपियों में से एक और पीड़ित एक-दूसरे को पहचानते थे। राठी ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

End of Article