बचपन में अगवा कर 4 बार बेची गई, सात बार हुआ गैंगरेप; दिल दहला देगी मानव तस्करी की शिकार इस पीड़िता की कहानी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 30, 2019, 05:00 PM IST

महाराष्ट्र से अगवा कर हरियाणा में बेची गई और फिर कई बार उसके जिस्म के साथ हैवानियत की गई। 21 वर्ष की हो चुकी ये पीड़िता आज 2 बच्चों की मां है। मानव तस्करी की ये कहानी दिल दहला देने वाली है।

बचपन में अगवा कर 4 बार बेची गई, सात बार हुआ गैंगरेप; दिल दहला देगी मानव तस्करी की शिकार इस पीड़िता की कहानी
Photo Credit: Representative Image

नई दिल्ली : हरियाणा पुलिस ने महाराष्ट्र की एक महिला के साथ गैंगरेप करने के आरोप में 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जाता है कि महिला को बचपन में ही अगवा कर बेच दिया गया था। चौंका देने वाला ये मामला आठ सालों के बाद रिपोर्ट किया गया, तब तक उसे महाराष्ट्र से अगवा कर हरियाणा में चार बेचा जा चुका था। अब ये महिला 21 साल की है और दो बच्चों की मां है।

ये मामला तब प्रकाश में आया जब एक महिला जो मकान मालकिन है उसने पीड़िता की हरकतों को संदिग्ध पाया। हिमाचल प्रदेश का आरोपी उस पीड़िता को किसी दूसरे मर्द के पास बेचने की तैयारी कर रहा था जिसकी टेलीफोन वार्ता मकान मालकिन ने सुन ली। उसने पीड़िता से बात की और फिर एक एनजीओ से बात की। 

एनजीओ ने दलदल से निकाला
एनजीओ वॉलंटियर पीड़िता से मिले और इसके बाद सारे भेद का खुलासा हुआ। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा में मानव तस्करी से जुड़े एक बेहद सनसनीखेज मामले से संबंधित एक एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता 9 माह पहले हरियाणा के फतेहाबाद से यमुनानगर लाई गई थी।

13 साल की उम्र में अगवा
काउंसलिंग के दौरान पीड़िता ने बताया कि 8 साल पहले महाराष्ट्र के चंद्रपुर के एक लोकल मंदिर से उसे अगवा किया गया था उस समय उसकी उम्र महज 13 साल थी। जाह्नवी नाम की एक महिला ने उसे अगवा किया था जिसने युनिता नाम की एक दूसरी महिला को 1 लाख रुपए में उसे बेच दिया था। 

कई बार बेचा गया
उसके बाद हरियाणा के करनाल में चार लोगों के हाथों उसे फिर बेचा गया। चारों लोगों ने मिलकर उसका गैंगरेप किया और फिर हरियाणा के ही एक अन्य 42 वर्षीय व्यक्ति के पास बेच दिया। इस व्यक्ति ने 20 दिनों तक लगातार उस पीड़िता के साथ रेप किया। ये कहानी यहीं नहीं खत्म हुई, इसके बाद हरियाणा के नारायणगढ़ में 20,000 रुपए में उसे फिर बेचा गया।

कई दिनों तक लगातार गैंगरेप
फिर सात दिनों तक उसका रेप किया गया। इसके बाद उसे 1.5 लाख में एक अन्य व्यक्ति धरमवीर के पास बेचा गया। इसके बाद मुख्य आरोपी सपना उसे नहीं बेच पाई क्योंकि उसे एक मामले में 7 साल की जेल हो गई। बकौल पीड़िता धरमवीर ने अपने भाईयों और दोस्तों के साथ मिलकर कई बार उसका रेप किया।

जान देने की कोशिश पर किस्मत ने नहीं दिया साथ
इन सबमें उसकी मां भी शामिल थी। इन शिकायतों के आधार पर यमुनानगर पुलिस ने धरमवीर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।बताया जाता है कि तंग आकर पीड़िता ने क्लीनर पीकर जान देने की भी कोशिश की लेकिन किसी तरह वह बच गई और उसने दो बच्चों को जन्म दिया।

इस बीच यमुनानगर पुलिस ने इस मामले महाराष्ट्र पुलिस को भी सौंप दिया है, जिसके बाद पीड़िता के माता-पिता से भी संपर्क कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक उसके माता-पिता दूसरों के घरों में काम करते हैं।  

End of Article