Hathras gang-rape: हाथरस में गैंगरेप का शिकार हुई लड़की ने दम तोड़ा,दरिंदों ने हैवानियत की हदें पार की थीं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 29, 2020, 10:51 AM IST

Hathras News: हाथरस में गैंगरेप का शिकार हुई 16 साल की लड़की ने दम तोड़ दिया है। दरिदों ने इस लड़की के साथ हैवानियत की हदें पार करते हुए उसकी जीभ काट दी थी। लड़की को गंभीर हालत में सोमवार को दिल्ली लाया गया।

Hathras gang-rape: हाथरस में गैंगरेप का शिकार हुई लड़की ने दम तोड़ा,दरिंदों ने हैवानियत की हदें पार की थीं
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : हाथरस में गैंगरेप का शिकार हुई 16 साल की लड़की ने दम तोड़ दिया है। दरिदों ने इस लड़की के साथ हैवानियत की हदें पार करते हुए उसकी जीभ काट दी थी। पीड़ित लड़की को गंभीर हालत में सोमवार को दिल्ली लाया गया और उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किया गया था लेकिन वह जीवन से जंग हार गई। इस लड़की के साथ गत 14 सितंबर को गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। सामूहिक दुष्कर्म के दौरान हैवानों ने लड़की को काफी यातनाएं दीं। उसकी कमर तोड़ दी और जीभ काट दी। इस घटना के बाद लड़की को इलाज के लिए अलीगढ़ के अस्पताल में भर्ती किया गया था लेकिन उसकी हालत में सुधान नहीं होने पर सोमवार को उसे दिल्ली शिफ्ट किया गया।

जेल में हैं चारों आरोपी
गत 14 सितंबर को लड़की के गांव के ही चार लोगों ने उसके साथ हैवानियत की। पुलिस ने मामले में सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया जाता है कि दलित लड़की के साथ दरिंदगी करने वाले चारों आरोपी  ऊंची जाति से हैं। पीड़ित लड़की के घरवालों का आरोप है कि मामले में पुलिस ने पहले उनकी मदद नहीं की लेकिन इस घटना पर लोगों का जब गुस्सा बढ़ा तो वह कार्रवाई करने के लिए आगे आई।

Hathras gangrape

आरोपियों ने दुष्कर्म के दौरान यातनाएं दीं
होश में आने के बाद लड़की ने बताया था कि आरोपियों ने उसकी जीभ काट दी थी ताकि वह अपने साथ हुई इस घटना के बारे में किसी को कुछ बता न पाए। पीड़िता महिला के भाई ने बताया, 'मेरी मां, बहन और बड़ा भाई घास काटने के लिए एक खेत में गए थे। उस दिन मेरा भाई घास लेकर घर आ चुका था जबकि मां और बहन खेत में ही थीं। दोनों एक दूसरे से कुछ दूरी पर घास की कटाई कर रही थीं। तभी पीछे से चार लोग वहां आए। उन्होंने उसका दुपट्टा गले में फंसाकर खींचते हुए उसे पास के बाजरा के खेत में ले गए। मेरी मां ने उसका तलाश किया तो वह बेहोश मिली। आरोपियों ने उसके साथ रेप किया था। शुरुआत में पुलिस ने हमारी मदद नहीं की। मामले में पुलिस चार-पांच दिनों के बाद सक्रिय हुई।'

हाथरस पुलिस ने परिवार के आरोपों को खारिज किया
हाथरस पुलिस ने पीड़ित परिवार के आरोपों को खारिज किया। पुलिस ने इस घटना पर अफसोस जताते हुए कहा कि वह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है और परिवार का हर तरीके से मदद पहुंचा रही है। पुलिस का कहना है कि वह इस मामले में फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की पहल करेगी। हाथरस पुलिस ने कहा, 'पीड़िता की हालत ठीक होने पर बयान के आधार पर मुकदमे में त्वरित व निष्पक्ष कार्यवाही करते हुए नामजद एवं प्रकाश में आए सभी चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।'

End of Article