Gujarat: शादी कर लौट रहा था नवविवाहित जोड़ा, पुलिस ने गिरफ्तार कर हवालात में डाला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 26, 2022, 08:09 AM IST

गुजरात के वलसाड में एक अनूठा मामला सामने आया है। यहां शादी कर लौट रहे एक नव विवाहित जोड़े को पुलिस ने पकड़कर हवालात में डाल दिया। वजह जानकर आपको भी हैरानी होगी।

Gujarat: शादी कर लौट रहा था नवविवाहित जोड़ा, पुलिस ने गिरफ्तार कर हवालात में डाला

वलसाड: गुजरात के वलसाड में एक नवविवाहित जोड़े और उनके परिवार के सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दरअसल यह नवविवाहित जोड़ा रात के कर्फ्यू का उल्लंघन कर शादी से लौट रहा था और यही वजह रही कि पुलिस उन्हें रोका और एक्शन लिया। पुलिस उपाधीक्षक मनोजसिंह चावडा ने बताया कि घटना सोमवार रात करीब 12 बजकर 20 मिनट की है जब ओवरब्रिज पर तीन कारों में सवार शादी का जोड़ा पहने युवक और युवती और उनके परिवार के सदस्यों को रोका गया था।

तीन एफआईआर दर्ज

जहां दंपति ने दावा किया कि उनकी शादी की रात वलसाड शहर पुलिस स्टेशन में उन्हें लगभग दो घंटे तक रखा गया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों और उनके परिवार के सदस्यों को छोड़ दिया गया। एक अधिकारी ने कहा कि पीयूष पटेल (24), उनकी पत्नी सोनल, एक ड्राइवर के साथ कार में सवार थे, जबकि पटेल परिवार के अन्य सदस्य दो अन्य कारों में थे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में तीन प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

ये भी पढ़ें - स्टेज पर दूल्हे ने जड़ा दुल्हन को जोरदार थप्पड़, गुस्से में दुल्हन ने रचा ली वहां आए दूसरे शख्स से शादी
चावड़ा ने कहा, 'रात के कर्फ्यू के दौरान रात 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच घूमने के लिए वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, इसलिए सभी नौ लोगों को पुलिस स्टेशन ले जाया गया। हमने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की और उन्हें जाने की अनुमति दी क्योंकि उन्हें रात में ही पुलिस थाने से जमानत मिल गई थी।' 

पत्नी हुई बीमार

घटना के बारे में वलसाड के तरियावाड इलाके निवासी पटेल ने संवाददाताओं से कहा कि परिवार के विवाह समारोह से लौटने की जानकारी होने पर पुलिस को नरम रुख अपनाना चाहिए था। पटेल ने कहा, 'सख्त कार्रवाई की वजह से आज मेरी पत्नी बीमार पड़ गई है। रात्रि कर्फ्यू का नियम लागू होने से पहले मेरी शादी की तारीख, विवाह स्थल और समय तय किया गया था, हम रात 10 बजे तक वलसाड नहीं लौट सकते थे। परिस्थिति को समझने के बजाय हमें पुलिस थाने ले जाया गया और करीब दो घंटे तक रोके रखा गया।'

End of Article