शहर

पुणे के वाघोली में मां बनी हत्यारिन; 11 साल के बेटे को जान से मारा, बेटी को भी किया घायल

पुणे के वाघोली इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने कथित तौर पर अपने ही 11 वर्षीय बेटे की गला काटकर हत्या कर दी, जबकि 13 वर्षीय बेटी पर जानलेवा हमला किया गया। यह सनसनीखेज वारदात वाघोली के बैफ रोड इलाके में हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Image

घटनास्थल पर मौजूद पुलिस

Photo : Times Now Digital

Pune News: पुणे के वाघोली इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक मां ने कथित तौर पर अपने ही 11 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी, जबकि 13 साल की बेटी पर जानलेवा हमला किया गया। गनीमत रही कि बेटी की जान बच गई, लेकिन उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

बैफ रोड इलाके में हुई वारदात

यह सनसनीखेज घटना वाघोली के बैफ रोड इलाके में सामने आई। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला की पहचान सोनी संतोष जयाभाई के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नांदेड़ जिले के कंधार की रहने वाली बताई जा रही है और फिलहाल वाघोली में रह रही थी। हमले में महिला के 11 वर्षीय बेटे साईराज संतोष जयाभाई की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 13 वर्षीय बेटी धनश्री संतोष जयाभाई गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

इलाके में तनाव और आक्रोश

घटना के बाद वाघोली इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों में गुस्सा और डर दोनों देखा जा रहा है। यह भी बताया जा रहा है कि वाघोली में पिछले दो दिनों में यह दूसरी बेहद बेरहमी वाली घटना है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के चलते वाघोली के नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

आरोपी मां हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस खौफनाक कदम के पीछे क्या वजह रही, क्या यह पारिवारिक विवाद का नतीजा था या किसी तरह का मानसिक तनाव था। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article