क्राइम

कुमार विश्वास को धमकी देने वाला गिरफ्तार, दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल का है फैन; पुलिस का दावा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 21, 2022, 12:09 AM IST

कवि कुमार विश्वास को ईमेल पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। जिसमें उन्हें भगवान राम के महिमामंडन वाले प्रोग्राम को रोकने और केजरीवाल के खिलाफ नहीं बोलने की धमकी दी गई थी। इसे लेकर कुमार विश्वास के मैनेजर ने गाजियबाद पुलिस को शिकायत दी थी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

कुमार विश्वास को धमकी देने वाला गिरफ्तार

Photo : Twitter

कवि कुमार विश्वास को धमकी देने वाले शख्स को गाजियाबाद पुलिस ने मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। गाजियाबाद पुलिस की ओर से जारी किए गए बयान के अनुसार आरोपी शख्स दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का फैन है।

गौरतलब है कि मशहूर कवि कुमार विश्वास को ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी मिली थी। जिसकी शिकायत उन्होंने गाजियाबाद पुलिस से की थी। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी लोकेश शुक्ला को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में बयान जारी करके जानकारी दी है।

पुलिस ने कहा- "आरोपी ने पूछताछ करने पर अपराध करना स्वीकार कर लिया है। आरोपी कुमार विश्वास द्वारा केजरीवाल की आलोचना से नाराज था। साथ ही कुमार विश्वास के भगवान राम को महिमामंडित करने वाले प्रोग्राम से भी वो क्षुब्ध था। आरोपी का अरविंद केजरीवाल से वैचारिक तथा भावनात्मक लगाव था।"

शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि धमकी भरे ईमेल भेजे जाने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इंदिरापुरम पुलिस के अनुसार आरोपी को मध्य प्रदेश के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के सुदामा नगर से ट्रांजिट रिमांड पर गाजियाबाद लाया गया है।

अधिकारी ने कहा कि आरोपी को रविवार को यहां एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी पर 18 नवंबर को आईपीसी और आईटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस गिरफ्तारी के बाद कुमार विश्वास ने ट्वीट करके गाजियाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article