गाजियाबाद

भगवान राम का महिमामंडन करने पर कुमार विश्वास को मिली धमकी, बोले कवि- रावण का वंश नहीं बचा, तुम कौन लवणासुर हो

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 21, 2022, 12:07 AM IST

पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि धमकी देने वाला शख्स आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल की तारीफ करके कुमार विश्वास को गंदी-गंदी गालियां देता है। जान से मारने की धमकी देता है, साथ ही भगवान राम को भी अपशब्द कहता है। धमकी ईमेल के माध्यम से दी जा रही है।

Image

कुमार विश्वास को मिली जान से मारने की धमकी (फोटो- @KumarVishwas)

कवि कुमार विश्वास को जान से मारने की धमकी मिली है। कुमार विश्वास की ओर से उनके मैनेजर प्रवीण पाण्डेय ने गाजियाबाद पुलिस को शिकायत दी है। इस शिकायत पत्र में कहा गया है कि एक शख्स कुमार विश्वास को ईमेल भेजकर जान से मारने की धमकी दे रहा है।

इस शिकायत पत्र को खुद कवि कुमार विश्वास ने ट्वीट किया है। उन्होंने इसे ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा- "अब उन्हें और उनके चिंटुओं को मेरे द्वारा मेरे राघवेंद्र सरकार राम का महिमामंडन करना पसंद नहीं। कह रहे हैं 'मार देगें', ये सब ठीक है पर अपने चिंटुओं को बोलो मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम को गाली न बकें। अपना काम करो, नहीं तो याद रखो रावण तक का वंश नहीं बचा, तुम ऐसे कौन लवणासुर हो?"

शिकायत पत्र में कुमार विश्वास के मैनेजर ने लिखा- "एक व्यक्ति द्वारा कुमार विश्वास को लगातार ईमेल के जरिए धमकी दी जा रही है। ईमेल करने वाला शख्स भगवान राम को अपशब्द कह रहा है और भगवान राम का महिमामंडन न करने की चेतावनी दे रहा है। साथ ही दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ नहीं बोलने की भी धमकी दे रहा है। हालिया धमकी में उसने कुमार विश्वास को जान से मारने की धमकी दी है।"

इस मामले को लेकर पुलिस ने शिकायत दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ईमेल भेजने वाले की जानकारी जुटा रही है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

बता दें कि कुमार विश्वास कई मौकों पर अपने पूर्व साथी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की आलोचना कर चुके हैं। कई खुलासे कर चुके हैं। जिसके कारण वो आम आदमी पार्टी के निशाने पर रहे हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!