राजधानी दिल्ली में पूर्वी दिल्ली को साउथ दिल्ली से जोड़ने वाले Barapulla Phase 3 का हाल ही में उद्घाटन हुआ है। वर्षों की देरी से शुरू हुए बारापुला के फेज-3 को लेकर उम्मीद थी कि इससे लोगों को अन्य रूट के मुकाबले ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी। लेकिन यहां लोगों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है। आज यानी सोमवार 5 अक्टूबर को भी लोगों को भारी जाम के चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस भीषण जाम के लिए कहीं न कहीं Google मैप्स को भी दोषी ठहराया है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, बारापुला फेज-3 पर बढ़ा ट्रैफिक और बारापुला जंक्शन पर बना बॉटलनेक जाम की बड़ी वजह बन गया है। पुलिस का कहना है कि इस हिस्से में यातायात के दबाव को Google Maps पर सही तरीके से नहीं दिखाया जा रहा है, जिसके कारण लोग लगातार इसी रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, बारापुला फेज-3 से बारापुला और रिंग रोड की तरफ फिलहाल ट्रैफिक मूवमेंट भारी और धीमा है। गाड़ियों की संख्या बढ़ने से बारापुला जंक्शन पर दबाव बढ़ा है और इसका असर काफी दूर तक ट्रैफिक जाम के रूप में देखने को मिल रहा है।
Google Maps पर नहीं दिख रहा ट्रैफिक अपडेट!
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की तरफ से जारी जानकारी में कहा गया है कि बारापुला फेज-3 पर मौजूद ट्रैफिक जाम Google Maps पर दिख ही नहीं रहा है। ऐसे में नेविगेशन के लिए Google Maps का इस्तेमाल करने वाले लोग इसी रूट का इस्तेमाल कर रहे हैं। लगातार बढ़ते ट्रैफिक के दबाव के चलते बारापुला जंक्शन पर बॉटलनेक की स्थिति बन रही है।
हालांकि, पुलिस की इस टिप्पणी का अर्थ यह नहीं है कि जाम के लिए सिर्फ नेविगेशन ऐप जिम्मेदार है। सड़क पर गाड़ियों का ज्यादा दबाव और जंक्शन पर सीमित ट्रैफिक फ्लो भी इस जाम की स्थिति को बढ़ा रहे हैं।
ट्रैफिक NH-24 और DND की ओर किया डायवर्ट
जाम कम करने और बारापुला जंक्शन पर ट्रैफिक का प्रेशर कम करने के लिए पुलिस ने बारापुला फेज-3 से आने वाले ट्रैफिक को NH-24 और DND की तरफ डायवर्ट करना शुरू कर दिया है। मौके पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात हैं और गाड़ियों की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है।
लोगों को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की सलाह
पुलिस की तरफ से लोगों को प्रभावित हिस्से से बचने और NH-24 व DND की ओर जाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। खासतौर पर बारापुला और रिंग रोड की ओर जाने वाले लोगों को निकलने से पहले मौजूदा ट्रैफिक स्थिति की जानकारी लेने की भी सलाह दी गई है।
मौके पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती
बारापुला जंक्शन पर ट्रैफिक नॉर्मल करने के लिए पुलिसकर्मी लगातार गाड़ियों की संख्या को नियंत्रित कर रहे हैं। पुलिस की कोशिश है कि डायवर्जन के जरिए बारापुला फेज-3 पर ट्रैफिक दबाव कम किया जाए और जाम को आगे फैलने से रोका जा सके।
