शहर

Delhi News: रानी झांसी फ्लाईओवर लूटकांड में 5 आरोपी गिरफ्तार, iPhone और लाखों रुपये बरामद

Delhi News: दिल्ली के रानी झांसी फ्लाईओवर पर 19.50 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से 9 लाख से अधिक नकदी और iPhone बरामद हुआ है।

Image

दिल्ली में रानी झांसी फ्लाईओवर लूटकांड में पांच आरोपी गिरफ्तार

Delhi News: राजधानी दिल्ली के रानी झांसी फ्लाईओवर पर 30 सितंबर को दो बाइक सवार बदमाशों ने दो लोगों से लगभग 19.50 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया था। इस मामले में आज यानी सोमवार 5 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने इनके कब्जे से लूट की रकम में से 9 लाख रुपये से ज्यादा कैश और लूट के पैसों से खरीदा गया एक iPhone बरामद किया है। वारदात में शामिल कुछ अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।

चांदनी चौक से ही पीड़ितों की रेकी की गई

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित चांदनी चौक में एक व्यापारी के यहां काम करते हैं। 30 सितंबर को दोनों कैश लेकर बाइक से चांदनी चौक से निकले थे। आरोपियों को पहले से पता था कि उनके पास बड़ी रकम है। चांदनी चौक में ही काम करने वाले एक शख्स ने उनकी रेकी की और गाजियाबाद में रहने वाले अपने चार साथियों के साथ मिलकर लूट की पूरी योजना बनाई।

पहले कश्मीरी गेट के पास लूट की कोशिश

आरोपियों ने पहले कश्मीरी गेट इलाके में पीड़ितों की बाइक रोककर उनसे मारपीट की और कैश लूटने की कोशिश की। हालांकि, वहां लोगों की भीड़ जुट जाने से बदमाशों को भागना पड़ा और पीड़ित लूट से बच गए। इसके बावजूद उन्होंने पुलिस को PCR कॉल नहीं की और आगे निकल गए।

लूट के बाद अलग-अलग रास्तों से भागे आरोपी

इसके बाद बदमाशों ने उनका पीछा किया और रानी झांसी फ्लाईओवर पर दोबारा दोनों को घेर लिया। यहां उनके साथ मारपीट करने के साथ ही लगभग 19.50 लाख रुपये कैश लूट लिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी अलग-अलग रास्तों से फरार हो गए।

आखिर दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आए पांच आरोपी

मामले की जांच में जुटी नॉर्थ दिल्ली पुलिस की टीम ने डीसीपी निहारिका भट्ट के नेतृत्व में आरोपियों की पहचान की और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटी गई रकम में से 9 लाख रुपये से ज्यादा कैश और लूट के पैसों से खरीदा गया आईफोन बरामद हुआ है।

पुलिस अब इस वारदात में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि लूट की रकम का कितना हिस्सा आरोपियों ने खर्च कर दिया। इसके साथ ही वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे, उनकी भी जांच की जा रही है।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article