Ajay Rai: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने मंगलवार को दावा किया कि उन्हें अयोध्या पहुंचते ही नजरबंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जब तक उन्हें राम मंदिर में दर्शन की अनुमति नहीं मिलेगी, तब तक वह अयोध्या नहीं छोड़ेंगे। राय ने अयोध्या से मंगलवार को टेलीफोन पर पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा, "मंगलवार के कार्यक्रम के लिए अयोध्या पहुंचते ही पुलिस ने मुझे 'हाउस अरेस्ट' (नजरबंद) कर दिया।" उन्होंने कहा, "जब तक मुझे राम मंदिर जाने की अनुमति नहीं मिलती, मैं अयोध्या नहीं छोड़ूंगा।"
"यह कैसी सरकार है?"
राय ने एक गेस्ट हाउस से टेलीफोन पर बातचीत में कहा, "यह कैसी सरकार है, जो हमारे राम मंदिर जाने से डरती है?" राय ने दावा किया कि उन्हें मंगलवार के कार्यक्रम के लिए अयोध्या पहुंचने के तुरंत बाद सोमवार देर रात उनके होटल से आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के अतिथि गृह ले जाया गया, जहां उन्हें नजरबंद कर रखा गया है। उन्होंने कहा, "आधी रात को मुझे होटल से आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के अतिथि गृह में ले जाया गया और अभी भी मुझे वहीं रखा गया है।"
कई लोगों को हिरासत में लिया गया
अजय राय की पत्नी ने उनके ठिकाने को लेकर चिंता जताई थी। कांग्रेस नेता यह स्पष्ट नहीं कर सके कि उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है या सिर्फ नजरबंद किया गया है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मुझे गिरफ्तार कर लिया गया है। वरना आधी रात को मुझे इस अतिथि गृह में लाकर क्यों रखा जाता?" अजय राय ने आगे आरोप लगाया कि उनके दल के कई सदस्यों को, जो मंगलवार के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से अयोध्या आ रहे थे, रास्ते में रोका गया, हिरासत में लिया गया या उन्हें उनके घरों से बाहर नहीं निकलने दिया गया।
अजय राय की गिरफ्तारी पर अब भी सवाल?
पुलिस की ओर से हालांकि इस बात की तत्काल पुष्टि नहीं हुई कि अजय राय को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है या नहीं। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा, सीतापुर से सांसद राकेश राठौर, प्रयागराज से सांसद उज्ज्वल रमन सिंह, बाराबंकी से सांसद तनुज पुनिया सहित अन्य कांग्रेस नेता शामिल थे। इस बीच, अजय राय ने भारतीय युवक कांग्रेस की ओर से एक्स पर किए गए एक पोस्ट को शेयर किया, जिसमें कहा गया, "आज कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहा था, लेकिन भाजपा सरकार ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय समेत प्रतिनिधिमंडल को नजरबंद कर लिया।"
"आखिर प्रभु राम के भक्तों से इतना डर क्यों?"
पोस्ट में सवाल किया गया, "आखिर प्रभु श्रीराम के भक्तों से इतना डर क्यों? जय श्रीराम।" अयोध्या से मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राम जन्मभूमि मंदिर की ओर मार्च करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें टेढ़ी बाजार इलाके में ही रोक दिया। कांग्रेस का आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग किया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कांग्रेस की पूर्व राज्यसभा सदस्य आलिया जुबैरी और युवा जिला अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम 'रानू' को भी हिरासत में लिए जाने का दावा किया गया है।
घर से बाहर जाने से लगातार रोका
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी रहा। यहां, अजय राय को रखे जाने का दावा किया गया है। उधर, प्रयागराज से कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह को भी उनके अशोक नगर स्थित आवास से बाहर निकलने से रोके जाने का दावा किया गया। रमन सिंह के प्रतिनिधि विनय कुशवाहा ने बताया कि सुबह से ही आवास के बाहर पुलिस बल तैनात था और सांसद को अयोध्या जाने के लिए बाहर नहीं निकलने दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने न तो यह बताया कि सांसद को नजरबंद किया गया है और न ही यह कि उन्हें हिरासत में लिया गया है, लेकिन उन्हें घर से बाहर जाने से लगातार रोका गया।
इसे भी टाइम्स नाउ नवभारत पर पढ़ें- अजय राय का सवाल-गिरफ्तार 8 कर्मचारियों को पुलिस हिरासत में क्यों नहीं भेजा? बोले-बड़े लोगों को बचा रही सरकार
